भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थित नतमस्तक हुए CM मान

punjabkesari.in Tuesday, Jul 05, 2022 - 04:11 PM (IST)

अमृतसरः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज राज्य के सीमावर्ती और कंडी क्षेत्रों के सर्वपक्षीय विकास के लिए एक रूपरेखा तैयार करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री आज यहां भगवान वाल्मीकि धुना साहिब ट्रस्ट द्वारा भगवान वाल्मीकि स्थित लव-कुश और गुरु ज्ञाननाथ के जन्म दिवस के अवसर करवाए गए समागम में शिरकत करने आए थे। 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अफसोस जताया कि पिछली सरकारों द्वारा इन दोनों क्षेत्रों की लगातार उपेक्षा के कारण यह क्षेत्र विकास के मामले में काफी पीछे रह गए हैं। भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार इन दोनों क्षेत्रों के विकास पर अधिक जोर देगी। उन्होंने कहा कि इस उद्देश्य के लिए विस्तृत योजना तैयार की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार पंजाब में सीमा पार से घुसपैठ को रोकने के लिए पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस इस उद्देश्य के लिए सीमा सुरक्षा बल (बी.एस.एफ.) और अन्य एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में है। सी.एम. भगवंत मान ने सीमा पार से ड्रग्स और हथियारों की सप्लाई लाइन को तोड़ने के लिए राज्य सरकार की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आने वाले दिनों में लोगों से किए गए सभी वादों को पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार पहले से ही हर वादो को पूरा करने के लिए संसाधन जुटाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और इसमें कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्रों को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और उनकी सरकार ने हाल ही में इन दो प्रमुख क्षेत्रों के लिए बजट में वृद्धि की है। उन्होंने कहा कि यह अतिरिक्त बजट अब सरकारी स्कूलों और अस्पतालों के कायाकल्प के अलावा सभी विधानसभा क्षेत्रों में मोहल्ला क्लीनिक खोलने पर खर्च किया जाएगा। सी.एम. मान ने आगे कहा कि इससे दोनों क्षेत्रों में अनुकरणीय सुधार होंगे जो लोगों को बहुत आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने भगवान वाल्मीकि तीर्थ के दर्शन किए और भगवान वाल्मीकि की इस पवित्र भूमि की यात्रा को आध्यात्मिक स्पर्श बताया। भगवंत मान ने लव-कुश और गुरु ज्ञाननाथ को उनके जन्मदिन पर फूल भेंट किए और लोगों को उनकी शिक्षाओं पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस पवित्र भूमि के और विकास संबंधित सभी मुद्दों पर जल्द ही ट्रस्टियों के विचार-विमर्श करके हल किया जाएगा। इस मौके पर विधायक जसबीर सिंह संधू और जसविंदर सिंह रामदास भी मौजूद थे।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

 


 

News Editor

Urmila