सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में गिरफ्तार शूटरों को लेकर CM मान ने दी तीखी प्रतिक्रिया

punjabkesari.in Tuesday, Jun 21, 2022 - 12:53 PM (IST)

संगरूर: मशहूर गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या करने वाले दो शार्पशूटर समेत तीन लोगों को दिल्ली पुलिस ने गत दिन गिरफ्तार किया है। इस बीच मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि गैंगस्टरों ने बड़ा गठजोड़ बनाया है इसलिए तीन-चार राज्यों की पुलिस मिलकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

इसके अलावा मान ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है, पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति भी नियंत्रण में है जबकि विरोधियों द्वारा दुष्प्रचार किया जा रहा है। इस बीच पंजाब में लगातार खालिस्तान के नारे लिखे जाने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग जानबूझ कर पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब का सांप्रदायिक सौहार्द इतना कच्चा नहीं है कि दीवारों पर कुछ लिख देने से वह टूट जाए।

गौरतलब है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने आवास पर लोकसभा सीट संगरूर उपचुनाव को लेकर प्रेसवार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 23 जून को होने वाले चुनाव में संगरूर लोकसभा क्षेत्र के लोग एक बार फिर आम आदमी पार्टी के पक्ष में वोट करेंगे। सी.एम. मान ने कहा कि पिछले दो चुनावों में इस क्षेत्र के लोगों ने पूरे पंजाब में कह दिया था कि संगरूर की सीट पैसे के बल पर नहीं जीती जा सकती बल्कि काम करने वाले व्यक्ति को ही लोग विधानसभा व लोकसभा में भेजते हैं। सी.एम. मान ने कहा कि वह पिछले कई दिनों से निर्वाचन क्षेत्र के गांवों में जा रहे हैं और उनके पास वही गाड़ी है, वही लोग हैं और वही नारे हैं और वही विजयी परिणाम होगा। उन्होंने कहा कि एक आम घर का लड़का संगरूर की सीट जीतकर लोकसभा में पहुंचेगा।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

News Editor

Urmila