खराब हुई फसल को लेकर पंजाब सरकार ने किसानों को दी बड़ी राहत

punjabkesari.in Monday, Mar 27, 2023 - 01:43 PM (IST)

पंजाब डेस्कः पंजाब में भारी बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अधिकारियों के साथ बैठक की।  बैठक के बाद मुख्यमंत्री मान ने किसानों के लिए अहम ऐलान किया। दरअसल, हाल ही में  राज्य में बेमौसमी बारिश के कारण खड़ी फसल, खासकर गेहूं को भारी नुकसान हुआ। यहां तक कि लोगों के घरों की छतें भी गिर गईं और जानवरों को भी नुकसान पहुंचा। सी.एम. मान ने  कहा कि मैं खुद खेतों में गिरी फसल को देखने गया था और किसानों से मिला था, जिसके बाद अधिकारियों की बैठक बुलाई और उनसे राय ली है। पहले के समय में किसानों को हुए नुकसान की अधिकतम मुआवजा राशि 12 हजार रुपए थी।

मुख्यमंत्री मान ने ऐलान किया कि अब हमने पुरानी व्यवस्था को बदल दिया है। अब 75 फीसदी से 100 फीसदी तक जितना भी फसलों का नुक्सान हुआ है, उसमें 15 हजार रुपए प्रति एकड़ यानि कि 25 फीसदी का बढ़ावा किया गया है। इसी तरह 33 से 75 फीसदी तक जो पहले 5400 मुआवजा दिया जाता था, उसे 25 फीसदी बढ़ाकर 6750 रुपए किया गया है। सी.एम. मान ने  कहा कि प्रशासन और जिले के सभी डी.सी. को निर्देश दे दिए गए है कि एक हफ्ते में गिरदावरी की जाए। जो भी पटवारी, उच्च अधिकारी यां कोई अफसर गिरदावरी करने जाएंगे तो वह किसी खास व्यक्ति के घर नहीं बैठेगा।

 इसकी घोषणा गुरुद्वारा साहिब में होगी और गांव के लोग अपने-अपने खेत दिखाएंगे और वही लिखा जाएगा। शाम को गिरदावरी में लिखा सब कुछ पढ़कर सुनाया जाएगा और नीचे संबंधित लोगों के हस्ताक्षर करवाए जाएंगे। कुछ दिनों बाद लोगों के खातों में पैसे पहुंच जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले ठेका किसानों को फसल खराब होने पर मुआवजा नहीं मिलता था और जिसके नाम पर रजिस्ट्री होती थी उसके खाते में पैसे चले जाते थे लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब उसी किसान के खाते में पैसे डाले जाएंगे, जो उस समय जमीन पर खेती कर रहा था यानि की काश्तकार को ही पैसे मिलेंगे। मुख्यमंत्री मान ने किसानों को हौसला रखने के लिए कहा है और यह भी कहा कि  सरकार उनके साथ है। उन्होंने कहा कि अन्नदाता की आंखों में आंसू नहीं देख सकते। यह मुआवजा बेहद जल्द किसानों को मिल जाएगा। 
 

Content Writer

Vatika