CM को घर से निकालने के लिए विपक्ष को धरने व गिरफ्तारियां देनी पड़ीं: मान

punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2020 - 01:14 PM (IST)

चंडीगढ़(रमनजीत): आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के प्रदेशाध्यक्ष भगवंत मान ने माझा में जहरीली शराब के कहर के उपरांत शुक्रवार को तरनतारन पहुंचे मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह को घेरते हुए कहा कि बतौर मुख्यमंत्री पीड़ित परिवारों का हाल-चाल पूछने में उन्होंने बहुत देर कर दी।

मान ने कहा कि 29 जुलाई को जहरीली शराब से पहली मौत की खबर आई थी। इन 10-11 दिनों में 100 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं और यह सिलसिला रुका नहीं है। मुख्यमंत्री आज अपने हैलीकॉप्टर से शाही अंदाज में तरनतारन पहुंचे। जहां राजा साहिब का ‘रैड कार्पेट’ स्टाइल में स्वागत हुआ। पोर्टेबल ए.सी. की ठंड में पीड़ित परिवारों को दूर-दूर से मिले मुख्यमंत्री सिर्फ 2 की जगह 5 लाख मुआवजा या सेहत बीमा जैसी छोटी-मोटी सुविधा से अधिक कुछ नहीं ऐलान कर सके, जबकि वह खुद ही मौतों को कत्ल बता रहे हैं।

मान ने कहा कि सबसे जरूरी था इस जहरीले धंधे में शामिल विधायक और अन्य कांग्रेसी नेताओं की आवभक्त कबूलने की बजाय वह उन पर तुरंत कत्ल के मामले दर्ज करवाते। मान ने कहा कि इससे शर्मनाक क्या हो सकता है कि विपक्ष (आम आदमी पार्टी) को राजा साहिब (मुख्यमंत्री) को उनके आलीशान फार्म हाऊस से निकाल कर तरनतारन भेजने के लिए धरने-प्रदर्शन करके गिरफ्तारियां देनी पड़ी हों। उन्होंने कहा कि झूठे बहाने नहीं बल्कि पीड़ितों को इंसाफ और कातिलों को सजा चाहिए। 

मान ने कहा कि मुख्यमंत्री को पता होना चाहिए कि उनके पास लोगों की दुख-तकलीफें सुनने और उनको दूर करने के लिए ‘दुख मंत्री’ की भी जिम्मेदारी है। मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी अपना फर्ज निभाते हुए लोगों और पंजाब के हितों के लिए सड़क से लेकर विधानसभा सदन और संसद तक आवाज बुलंद रखेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vaneet

Recommended News

Related News