थाना सदर के क्वार्टर में कांस्टेबल ने खुद को मारी गोली

punjabkesari.in Tuesday, Apr 17, 2018 - 03:01 PM (IST)

लुधियाना(ऋषि): थाना सदर के क्वार्टर नंबर 14-बी में एक कांस्टेबल ने खुद को सरकारी ए.के.-47 साल्ट के साथ गोली मार ली। घटना का पता सोमवार देर शाम तब चला जब कई घंटे पुराना शव होने के कारण कमरे से दुर्गंध आने लगी। जिस पर पड़ोसियों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। 

मौके पर पहुंची थाना डिवीजन नं. 8 की पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर देखा तो कांस्टेबल का शव लहूलुहान अवस्था में जमीन पर गिरा पड़ा था। समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा जांच में जुटी हुई थी। वहीं दूसरी तरफ परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। पुलिस कमिश्नर सुखचैन सिंह गिल ने बताया कि मृतक कांस्टेबल की पहचान मनप्रीत सिंह (32) के रूप में हुई है। वह ए.डी.सी.पी. परमजीत सिंह पन्नू के साथ तैनात था। गत 13 अप्रैल को उसकी पत्नी हरप्रीत कौर 2 वर्षीय बेटी संग मायके  संगरूर गई हुई थी और वह क्वार्टर में अकेला रह रहा था। मनप्रीत गत 11 अप्रैल से ड्यूटी पर भी नहीं जा रहा था। 

रविवार सुबह 8.30 बजे पड़ोसियों ने उसे आखिरी बार क्वार्टर के बाहर देखा था। सोमवार को उसके पारिवारिक सदस्यों ने कई बार फोन किया लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। शाम को क्वार्टर से दुर्गंध आने पर आसपास के लोग इकट्ठे हुए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार गोली छाती में लगी है। मौके से पुलिस को सरकारी साल्ट भी बरामद हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि उसने खुद को किस कारण के चलते गोली मारी है।

Vatika