प्यार में धोखा मिलने पर शादीशुदा महिला ने की आत्महत्या

punjabkesari.in Wednesday, Jun 03, 2020 - 10:23 AM (IST)

फिल्लौर (भाखड़ी): प्यार में धोखा मिलने से शादीशुदा महिला जो एक बच्ची की मां है, ने गांव के छप्पड़ में कूद कर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक महिला के पति की शिकायत पर उसके प्रेमी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। 

जानकारी के अनुसार नजदीकी गांव जौहलां की रहने वाली मृतक महिला वरिंद्र कौर(37) के पति सुलखन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि काम के संबंध में वह विदेश चला गया था। इस दौरान उसकी पत्नी का गांव के रहने वाले एक लड़के के साथ प्रेम प्रसंग चलने लगा। इसकी जानकारी उसे विदेश से वापस लौटने के बाद चली। उसकी पत्नी का 2 दिन पहले अपने प्रेमी के साथ काफी झगड़ा हुआ। गत रात्रि वह सो रहा था तभी आधी रात को डेढ़ बजे उसकी पत्नी जैसे ही घर से बाहर जाने के लिए उठी तो वह भी नींद से जाग गया। इस पर उसकी पत्नी वापस बिस्तर पर आकर लेट गई।

सुबह 3 बजे उसकी पत्नी मौका पाकर घर की छत्त से सीढ़ी लगा कर चली गई। जब वह प्रातः उठा तो अपनी पत्नी को घर से गायब पाकर उसने उसकी पूरे गांव में तलाश की। जब वह नहीं मिली तो उसने अपनी पत्नी के लापता होने की शिकायत पुलिस चौकी में जाकर की। पुलिस के पास शिकायत करने के बाद वापस घर को लौट रहा था तो गांव में बने छप्पड़ के पास उसने अपनी पत्नी की चप्पल देखी तो इसकी जानकारी गांव के कुछ व्यक्तियों को दी, जिन्होंने गोताखोर मंगवाकर छप्पड़ की छानबीन की तो उसकी पत्नी का शव वहां से बरामद हआ। इस संबंध में जब चौकी इंचार्ज से बात की तो उन्होंने बताया कि मृतका के पति की शिकायत पर उसके प्रेमी के विरुद्ध मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता कर रही है कि मृतका ने खुद आत्महत्या की या उसे मार कर छप्पड़ में फैंका गया।

Vatika