सिद्धू को बर्खास्त कर कांग्रेस देश से मांगे माफी: जोशी

punjabkesari.in Saturday, Aug 18, 2018 - 08:52 PM (IST)

चंडीगढ़: पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और राज्य के पूर्व कैबिनेट मंत्री अनिल जोशी ने आज कहा कि इस्लामाबाद में इमरान खान के शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने, पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष जावेद बाजवा से गले मिलने और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के कथित राष्ट्रपति मसूद खान के साथ बैठ कर तालियां बजाने से राज्य के स्थानीय निकाय मंत्री और पूर्व क्रिकेटर नवजोत ह सिद्धू का देश विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है। 

जोशी ने यहां जारी एक बयान में कांग्रेस से सिद्धू को मंत्री पद और पार्टी से बर्खास्त कर देश से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने सिद्धू पर निशाना साधते हुए कहा कि वह खोखली शोहरत हासिल और खबरों की सुर्खियां बटोरने के लिए पाकिस्तान चले गए। उन्होंने कहा कि खान ने पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर और कपिल देव को भी न्यौता भेजा था लेकिन इन देशभक्तों ने वहां जाने से मना कर दिया। 

उन्होंने कहा जिसे देश की जनता तथा भाजपा और कांग्रेस सरीखे प्रमुख राजनीतिक दलों ने इतना सम्मान दिया वहीं सिद्धू पाकिस्तान जाकर देश के वीर जवानों को मारने वाले और भारत विरोधी षड्यंत्र रचने वाले पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष से गले मिल और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के राष्ट्रपति के साथ बैठ कर तालियां बजा रहे थे। इससे उनका देश विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है। भाजपा नेता ने कहा कि देश जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक में डूबा हुआ था और सिद्धू पाकिस्तान जाकर देश के दुश्मनों के कसीदे पढ़ रहे थे जिससे हर देशवासी शर्मसार हुआ है।

Vaneet