सत्ता की भूखी कांग्रेस ने JDS से मिलाया हाथ : श्वेत मलिक

punjabkesari.in Monday, May 21, 2018 - 08:50 AM (IST)

होशियारपुर (जैन): देश भर में बुरी तरह असफल व सत्ता की भूखी कांग्रेस ने सत्ता की लालसा में कर्नाटक में थर्ड डिवीजन में पास होने वाली जे.डी.एस. से हाथ मिलाया है जबकि भाजपा वहां 104 सीटें हासिल कर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में विजयी रही। उक्त विचार पंजाब भाजपा के प्रधान व राज्य सभा सांसद श्वेत मलिक ने आज यहां पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान व्यक्त किए।

 

श्री मलिक ने कहा कि कांग्रेस ने अपने स्वाभिमान की हत्या कर मात्र 38 सीटों वाली पार्टी से समझौता किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की समर्पण की भावना देशभर में कांग्रेस के सामने एक सुनामी का रूप धारण कर रही है। अब कांग्रेस को अपनी दुर्दशा पर पश्चाताप करना चाहिए। पप्पू की संज्ञा देकर राहुल गांधी पर वार करते हुए उन्होंने कहा कि यह नादान बच्चा भाजपा की बढ़त को रोकना चाहता है लेकिन यह उसके बस की बात नहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 55 साल देश की सत्ता की बागडोर संभालते हुए डाके मारे लेकिन अब देश की सत्ता में केन्द्रीय नेतृत्व के अलावा भाजपा 68 फीसदी काबिज है जबकि कांग्रेस केवल 2.50 प्रतिशत ही देश पर राज कर रही है।

 

2019 में भाजपा का देश की सत्ता पर आसीन होना निश्चित है क्योंकि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन हितैषी योजनाओं से बेहद प्रभावित है। श्वेत मलिक ने पंजाब की कैप्टन अमरेन्द्र सिंह सरकार पर वार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने पंजाब की जनता को वैंटीलेटर पर लगा दिया है। अब तो हाल यह हो गया है कि राज्य के नामी उद्योगपतियों को चंडीगढ़ बुलाकर मुख्यमंत्री मजबूर कर रहे हैं कि उद्योगपति अपना सी.एस.आर. (कार्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी) फंड सरकार चलाने के लिए अर्जित करें, जिससे साफ जाहिर है कि लोगों से झूठे वायदे कर सत्तासीन होने वाली कांग्रेस की हालत अब भिखारियों जैसी हो गई है। प्रदेश भाजपा प्रधान श्वेत मलिक आज यहां जिला भाजपा द्वारा प्रधान डा. रमन घई के नेतृत्व में उनके सम्मान में आयोजित समारोह में शिरकत करने आए थे।   

Sonia Goswami