देश की जनता का विश्वास खो चुकी है कांग्रेस: मलिक

punjabkesari.in Monday, Jul 23, 2018 - 08:14 AM (IST)

अमृतसर(महेन्द्र): भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद श्वेत मलिक ने एक प्रैस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार पर नकेल डालने के लिए कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया था, जिसके कारण कांग्रेस की आज यह स्थिति है कि यू.पी.ए. की पूर्व सरकार में रहे उनके कई मंत्री या तो जेल की सलाखों के पीछे हैं या फिर अदालतों के चक्कर काट रहे हैं। 

इसका परिणाम यह हुआ कि आज कांग्रेस देश के लोगों का विश्वास पूरी तरह से खो चुकी है। राज्यसभा में कांग्रेसी नेता आनंद शर्मा द्वारा भ्रष्टाचार के मामले पर उठाए गए सवालों का मलिक ने आंकड़ों के साथ जवाब देते हुए कहा कि मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का ही यह नतीजा है कि विदेशों में जमा काले धन के बड़े-बड़े खुलासे हुए हैं। 

हाशिए पर आ चुकी कांग्रेस आत्मचिंतन करे
मलिक ने कहा कि कांग्रेस द्वारा अपने शासनकाल में देश की जनता को लूटने के साथ-साथ उन्हें लगातार प्रताडि़त भी किया जाता रहा है। उसके शासनकाल में कोई भी ऐसा दिन नहीं था कि जिस दिन किसी न किसी कांग्रेसी मंत्री या नेता के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप न लगे हों। उन्होंने कहा कि हाशिए पर आ चुकी कांग्रेस को आत्मचिंतन करना चाहिए कि आखिर देश के लोगों ने 2014 में उनके खिलाफ इतना बड़ा फतवा देकर उसके सदस्यों की संख्या इतनी कम क्यों कर दी थी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दृढ़ इरादों, देशहित के लिए उच्च सोच एवं कल्याणकारी नीतियों का ही यह नतीजा है कि 2014 से भाजपा प्रदेश स्तर के हर चुनाव में लगातार जीत रही है। 

देश जल्द ही कांग्रेस से मुक्त हो जाएगा
मलिक ने कहा कि जिस प्रांत में कभी भाजपा का एक भी विधायक नहीं होता था, आज वहां भाजपा की सरकारें बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि कर्मयोगी प्रधानमंत्री मोदी ने देश की सत्ता संभालते ही ऐलान किया था कि न भ्रष्टाचार करूंगा और न ही करने दूंगा। इसके परिणामस्वरूप 4 वर्षों के शासनकाल के दौरान भाजपा के किसी भी मंत्री एवं नेता के खिलाफ भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है। मोदी सरकार सबका साथ सबका विकास के नारे को बुलंद करके हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रभावशाली परियोजनाओं के तहत काम कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस के प्रति जो सलूक अपनाया है, उससे यही जाहिर होता है कि देश जल्द ही कांग्रेस से मुक्त हो जाएगा।

swetha