बादल बताएं बहबल कलां में किसके कहने पर चलाई गई थी गोली : जाखड़

punjabkesari.in Saturday, Oct 06, 2018 - 08:59 AM (IST)

लंबी/मलोट(जुनेजा): पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान और गुरदासपुर से लोकसभा मैंबर सुनील जाखड़ ने एक बार फिर शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल को चुनौती दी है कि वह बताए कि बहबल कलां में गोली किसके आदेशों पर चलाई गई थी। सुनील जाखड़  लंबी में 7 अक्तूबर को कांग्रेस द्वारा की जा रही रैली की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे।

इस मौके पर उनके साथ सहकारिता मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, विधायक  अमरिंद्र सिंह राजा वङ्क्षडग और हरप्रताप सिंह अजनाला, मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. संदीप संधू और अंकित बांसल व कांग्रेस के जिला प्रधान गुरमीत सिंह खुडिया भी उपस्थित थे।  जाखड़ ने कहा कि अगस्त आखिर, जब से विधानसभा का सैशन खत्म हुआ है और जस्टिस रणजीत सिंह की रिपोर्ट सार्वजनिक हुई है, तब से हर कोई अकाली दल के प्रधान से यही पूछ रहा है कि बहबल कलां में गोली किसके कहने पर चलाई गई थी जिसमें निर्दोष सिख मारे गए थे। 

उन्होंने कहा कि सुखबीर सिंह बादल की पार्टी के अपने टकसाली नेता भी अब उनसे यही सवाल पूछ रहे हैं। जाखड़ ने कहा कि यह बेहद अफसोस की बात है कि आज सुखबीर सिंह बादल की गलतियों के कारण 93 साल की आयु में पूर्व मुख्यमंत्री  प्रकाश सिंह बादल को भी अपनी साख बचाने के लिए रैली में लोगों को बुलाने के लिए घर-घर जाना पड़ रहा है। जाखड़ ने कहा कि इसी कारण सुखबीर सिंह बादल के साथी उनका साथ छोडऩे लगे हैं। लोकसभा मैंबर ने कहा कि यदि बादल इस साधारण सवालों के जवाब दें देते हैं तो उनको आज नेताओं के दरों पर जाकर मिन्नतें न करनी पड़तीं। उन्होंने कहा कि अच्छा हो यदि 7 अक्तूबर की पटियाला रैली में सुखबीर सिंह बादल यह बताने की हिम्मत दिखाएं कि बहबल कलां में गोली किसके आदेशों पर चली। 
 

swetha