तस्करों से महीना लेकर नशा बेचने की छूट दिलाने लगे कांग्रेसी विधायक: सुखबीर

punjabkesari.in Friday, Jul 12, 2019 - 10:38 PM (IST)

मोगा(गोपी): शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मोगा शहर में पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री जत्थेदार तोता सिंह के नेतृत्व में लगाए गए रोष धरने दौरान कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पंजाब में दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे सिंथैटिक ड्रग का मुख्य कारण है कि पंजाब के कांग्रेसी विधायक ही कथित तौर पर नशा तस्करों से करोड़-करोड़ रुपए महीना लेकर नशा बेचने की छूट दिलाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि जो मुख्यमंत्री गुटका साहिब की शपथ लेकर मुकर जाए, उससे किसी भी तरह के भले की उम्मीद नहीं रखी जा सकती।

उन्होंने कहा कि अकाली दल के नेताओं व वर्करों पर कांग्रेसियों की शह पर झूठे पुलिस मामले दर्ज किए जा रहे हैं। हैरानी की बात है कि 8 वर्ष तक के बच्चे तथा महिलाओं पर भी इरादा कत्ल जैसी धाराएं लगाकर झूठे पुलिस मामले दर्ज किए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि जो अफसर अब कांग्रेसियों के कहने पर मामले दर्ज कर रहे हैं उनका अकाली दल के सत्ता में आने पर जहां हिसाब-किताब लिया जाएगा, वहीं पंजाब सरकार द्वारा ऐसे मामले रद्द करने के लिए एक कमीशन भी गठित किया जाएगा।

पूर्व मंत्री जत्थेदार तोता सिंह ने धरने में पहुंचे लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि बिजली के बढ़े भाव, बिगड़ी अमन-कानून की स्थिति तथा हद से अधिक नशे कारण पंजाबियों में सरकार प्रति बेहद गुस्सा पाया जा रहा है। इस मौके पर पूर्व लोकसभा सदस्य जगमीत सिंह बराड़, राज्यसभा सदस्य बलविंद्र सिंह, पूर्व लोकसभा सदस्य प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा, हलका इंचार्ज मोगा बरजिंद्र सिंह बराड़, पूर्व मंत्री गुलजार सिंह रणीके व जिलाध्यक्ष तीर्थ सिंह माहला ने भी संबोधित किया।

Vaneet