दिवाली पर इस कांग्रेसी MLA को लगेगा बड़ा झटका!

punjabkesari.in Thursday, Oct 20, 2022 - 12:14 PM (IST)

जालंधर: दिवाली के आस-पास किसी भी दिन जालंधर छावनी हलके में विधायक परगट सिंह को बड़ा झटका लग सकता है क्योंकि उनके चुनाव में सरगरमी से काम करने वाले हलके के कई कौंसलर, सरपंच, ब्लाक समिति व जिला परिषद मेंबर कांग्रेस को अलविदा कहने की पूरी तैयारी कर चुके हैं। इतना ही नहीं वह छावनी हलके से आम आदमी पार्टी के प्रभारी सुरिन्द्र सिंह सोढी के सम्पर्क में भी हैं। इससे साफ पता चलता है कि वह ‘आप’ में ही जाने वाले हैं। हैरानी वाली बात यह है कि परगट सिंह के ज्यादा करीबी माने जाने वाले ही उन्हें छोडकर आप में जा रहे हैं। इस तरह सुरिन्द्र सिंह सोढी को आ रहे निगम चुनावों में भारी मजबूती मिल सकती है। एक महीना पहले ही कौंसलर रोहण सहगल व कौंसलर मिंटू जुनेजा ने कांग्रेस छोड़कर ‘आप’ का दामन पकड़ लिया था। यह दोनों कौंसलर भी कांग्रेस की सरकार के समय अक्सर परगट सिंह के इर्द-गिर्द घूमते देखे जाते थे। कांग्रेस छोड़ते समय रोहण व मिंटू ने अपने ही खासमखास विधायक पर कई राजनीतिक अटैक किए थे।

सूत्रों से पता चला है कि अब आने वाले दिनों में जो कांग्रेसी 'आप' में जाने वाले हैं, उनमें पूर्व जिला परिषद मेंबर सुखविन्द्र सिंह सुक्खा फोल्ड़ीवाल भी शामिल बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि सुक्खा बड़ी संख्या में अपने समर्थकों समेत आम आदमी पार्टी ज्वाइन करेंगे। वह कांग्रेस के टकसाली नेता हैं और उन्होंने कांग्रेस पार्टी की मजबूती के लिए हमेशा हर चुनाव में आगे होकर अपनी बड़ी भूमिका निभाई है। अगर यह कांग्रेसी कहीं विधानसभा चुनाव से पहले ही कांग्रेस छोड़कर सोढी के समर्थन में आ जाते तो परगट सिंह कभी जीत ही नहीं सकते थे और सुरिन्द्र सिंह सोढी को कोई हरा नहीं सकता था।

सुक्खा से उनके 'आप' में जाने संबंधी बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस संबंधी वह आने वाले दिनों में ही अपने पत्ते खोलेंगे। कभी किसी की परवाह न करने वाले परगट सिंह के तीसरी बार विधायक चुने जाने के बावजूद भी जालंधर छावनी हलके में लगातार कांग्रेस का ग्राफ नीचे गिरता जा रहा है। अगर ऐसे ही चलता रहा तो वर्ष 2024 में आ रहे लोकसभा चुनावों में भी कांग्रेस को परगट सिंह के हलके में बड़ा नुक्सान हो सकता है। कांग्रेसियों को पता है कि कैंट हलके में सभी काम सुरिन्द्र सिंह सोढी के ही होने हैं न कि परगट सिंह के? वैसे भी परगट सिंह ने तीसरी बार विधायक चुने जाने के बाद छावनी हलके के लोगों से दूरी बनाए रखी हुई है। वर्कर इस कारण भी उनसे नाराज हैं।

कांग्रेस की शर्मनाक हार के कारण वर्कर हो रहे हैं पार्टी से दूर

पंजाब के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को मिली शर्मनाक हार के चलते पार्टी के वर्कर पार्टी से दूर हो रहे हैं। पार्टी के बड़े नेता भाजपा में जा रहे हैं और कांग्रेसी वर्कर पंजाब की सत्ताधारी पार्टी ‘आप’ में शामिल हो रहे हैं। 'आप' में जाने वाले वर्कर समझते हैं कि नगर निगम चुनावों में भी उनका ही कब्जा होने वाला है और उन्हीं के ही काम होंगे। ऐसे में उन्हें कांग्रेस में रहने का कोई फायदा नहीं होने वाला है। वर्करों को ऐसा भी लग रहा है कि कांग्रेस जल्द कहीं अब पंजाब की सत्ता में आने वाली नहीं है। कांग्रेस के दिग्गज नेता ही कांग्रेस को छोड़ चुके हैं। कइयों को विजिलेंस ने अपने घेरे में लिया हु्आ है। कुछ एक नेताओं को छोड़कर पार्टी की मजबूती के लिए कोई काम करने को तैयार नहीं है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Sunita sarangal