महाराष्ट्र में कांग्रेस ने शिवसेना का साथ देकर भाजपा द्वारा लगाए जा रहे हिन्दू विरोधी दाग को धो डाला

punjabkesari.in Friday, Nov 29, 2019 - 10:53 AM (IST)

जालंधर(धवन): महाराष्ट्र में कांग्रेस ने शिवसेना के नेतृत्व वाली सरकार का साथ देकर भाजपा द्वारा पिछले कुछ वर्षों से लगातार लगाए जा रहे इस दाग को धो डाला है कि वह हिन्दू विरोधी पार्टी है। कांग्रेसी हलकों में माना जा रहा है कि शिवसेना तो सबसे बड़ी हिन्दू हितैषी पार्टी मानी जाती है। हिन्दू मुद्दों पर शिवसेना भाजपा से भी ज्यादा आक्रामक रही है तथा हिन्दू लोगों के लिए शिवसेना की आवाज हमेशा आक्रामक रही है। 

कांग्रेसी नेताओं ने बताया कि भाजपा ने पिछले 5 वर्षों में कांग्रेस को यह कहकर बदनाम ज्यादा कर दिया था कि वह हिन्दू विरोधी पार्टी है। इससे हिन्दू वोट बैंक का झुकाव स्वाभाविक तौर पर भाजपा की तरफ चला गया था परन्तु अब जिस तरह से कांग्रेस ने महाराष्ट्र में तुरुप का पत्ता चलते हुए शिवसेना के नेतृत्व वाली सरकार का साथ दिया है, उससे अब भाजपा या कोई अन्य पार्टी कांग्रेस पर यह आरोप लगाने की स्थिति में नहीं रहेगी कि कांग्रेस हिन्दुओं का विरोध करती है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने जिस तरह से भाजपा को सत्ता से दूर किया तथा जिस तरह से शिवसेना के नेतृत्व वाली सरकार का साथ दिया है, उससे आने वाले समय में राजनीति में काफी परिवर्तन देखने को मिलेंगे। कांग्रेस तो हर तरफ से फायदे में रहने वाली है। महाराष्ट्र में सरकार की कमान शिवसेना के हाथों में है। महाराष्ट्र के लोग भाजपा को पहले ही परख चुके हैं।अब वह शिवसेना की सरकार को परखेंगे। कांग्रेस तो तीसरे खिलाड़ी की भूमिका में है। अगर कल को सरकार ठीक नहीं भी चलती है तो भी कांग्रेस लाभ की स्थिति में ही रहेगी क्योंकि उस स्थिति में कांग्रेस को महाराष्ट्र की जनता के सामने यह कहने का अवसर मिल जाएगा कि जनता ने भाजपा व अन्य सभी सरकारों को परख लिया है। ऐसी स्थिति में कांग्रेस भविष्य में कभी भी कोई बड़ा दाव अपने पक्ष में खेल सकती है। कुल मिलाकर भविष्य में महाराष्ट्र में जो भी घटनाक्रम घटित होगा, वह पार्टी के पक्ष में रहने वाला है। 

swetha