पंजाब में कोरोना ने तेजी पकड़ी, एक ही दिन में 13 नए मरीज

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2020 - 09:45 AM (IST)

चंडीगढ़/नवांशहर(शर्मा/ त्रिपाठी): नवांशहर में कोरोना संक्रमित की पहली मौत के बाद पंजाब में कोरोना संक्रमितों की संख्या में चिंताजनक वृद्धि हुई है। शनिवार को राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित 13 और मरीजों की पुष्टि हो गई। इसके साथ ही पीड़ितों की संख्या अब 16 हो गई है जिनमें से एक की मौत हो चुकी है। नवांशहर के पहले कोरोना पॉजीटिव मृतक के संपर्क में आए उसके परिवार के 6 लोगों का टैस्ट भी पॉजीटिव आया है। इन सभी को नवांशहर के सिविल अस्पताल में बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया है। इनमें 3 पुरुष और 3 महिलाएं हैं।

19 मार्च को इंगलैंड से अमृतसर पहुंचा 36 वर्षीय एक नौजवान कोरोना पॉजीटिव पाया गया है। सरकारी मैडीकल कॉलेज स्थित इन्फ्लुएंजा लैब की जांच में इसकी पुष्टि हुई है। मरीज गुरु नानक देव अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती है। गुरु की वडाली क्षेत्र से संबंधित यह युवक अमृतसर में किसी के संपर्क में नहीं आया क्योंकि उसे एयरपोर्ट से ही आइसोलेट कर दिया गया था। फिर भी स्वास्थ्य विभाग एहतियात के तौर पर गुरु की वडाली में रहने वाले उसके परिजनों की भी स्क्रीनिंग करेगा। इसके साथ ही अमृतसर में पॉजीटिव मरीजों की संख्या 2 हो गई है। इससे पहले होशियारपुर निवासी एक व्यक्ति कोरोना पॉजीटिव पाया गया था। वह भी गुरु नानक देव अस्पताल में ही उपचाराधीन है। यू.के. से आए इस युवक को एयरपोर्ट पर स्क्रीङ्क्षनग के दौरान खांसी-जुकाम की वजह से आइसोलेट किया गया था।  

आइसोलेशन वार्ड में भर्ती होशियारपुर जिले के गांव मोरांवाली निवासी पाठी की कोरोना टैस्ट रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। सिविल सर्जन होशियारपुर डा. जसवीर सिंह ने बताया कि कोरोना पॉजीटिव पाया गया पाठी जिला शहीद भगत सिंह नगर के गांव पठलावा के गुरुद्वारा साहिब में पाठी का काम करता है। वह वहां कोरोना के संदिग्ध मृतक, एक संत और गुरुद्वारा साहिब में रागी के संपर्क में आया था। ये तीनों ही इटली और जर्मनी से लौटे थे।

वी.आई.पी. शहर मोहाली में पहला केस फेज-3ए में एक बुजुर्ग महिला (69) का है जो कोरोना पॉजीटिव मिली। महिला 7 दिन पहले यू.के. से आई थी जिसे प्रशासन ने शुक्रवार सुबह पुलिस की मदद से सिविल अस्पताल में बने आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया था। महिला के खिलाफ गंभीर बीमारी की वजह से लोगों का जीवन खतरे में डालने की धारा जोड़कर केस दर्ज किया गया है। दूसरा केस 74 साल की एक बुजुर्ग महिला का है जो उस महिला की बहन है जिसकी रिपोर्ट शुक्रवार को पॉजीटिव आई थी। उसे फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ये दोनों बहनें 13 मार्च को ही यू.के. से लौटी हैं। तीसरा केस 28 साल की युवती का है। वह लड़की मोहाली स्थित कंपनी में तैनात थी। उसे मोहाली के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 

यह लड़की चंडीगढ़ निवासी उस लड़की की दोस्त है जो कोरोना संक्रमित है और उसका इलाज चल रहा है। चौथा केस सैक्टर-69 की 42 साल की महिला है। वह 12 मार्च को यू.के. से आई थी। उसकी भी रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। उसे सैक्टर-16 चंडीगढ़ के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

Edited By

Sunita sarangal