कोरोना का घरों में इलाज करवा रहे मरीजों के लिए बड़ी खबर, किया गया अहम ऐलान

punjabkesari.in Saturday, May 15, 2021 - 01:32 PM (IST)

चंडीगढ़ (राजिंद्र शर्मा): शहर में घर में अपना इलाज करा रहे कोरोना के मरीजों के लिए भी अब परिजन चंडीगढ़ में ऑक्सीजन सिलैंडर प्राप्त कर सकेंगे और अगर सिलैंडर है तो उसे भरवाया भी जा सकेगा। यूटी प्रशासन ने पहले निजी सिलैंडर के भरने पर रोक लगा दी थी, जिसे अब ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से शनिवार सुबह 11 बजे से शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने इसके लिए वैबसाइट भी शुरू कर
दी है। 

परमिट दो दिन के लिए ही मान्य होगा
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऑक्सीजन सिलैंडर सिर्फ उन्हें ही भर कर दिया जाएगा, जिन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया होगा और आवेदन को मंजूरी मिली होगी। वैबसाइट http://chandigarh.gov.in/health_covid.htm पर जाने के बाद ऑक्सीजन की आवश्यकता के लिए डॉक्टर द्वारा लिखी गई पर्ची व कोई भी पते का सबूत देना होगा। जैसे ही आवेदन को मंजूरी मिलेगी, आनेदनकत्र्ता को ई-परमिट जारी कर दिया जाएगा। ये दो दिन के लिए मान्य होगा। ई-परमिट को प्रिंट कराने की जरूरत नहीं होगी। ई-परमिट को दिखाकर सुपर एजैंसीज, इंडस्ट्रीयल एरिया फेज-1 स्थित 40-एम.डब्ल्यू. (मोबाइल नंबर-9888035000) से अतिकतम दो सिलैंडर भरवा सकेंगे। 

अगर किसी के पास सिलैंडर नहीं है तो उसे 25 हजार रुपए की सिक्योरिटी जमा करानी होगी, जोकि बहुत ज्यादा है। इस पर ऑक्सीजन सप्लाई के नोडल अधिकारी यशपाल गर्ग ने कहा है कि वह मानते हैं कि 25 हजार की राशि ज्यादा है लेकिन वैंडर का कहना है कि अगर सिक्योरिटी कम होगी तो लोग सिलैंडर को वापस नहीं करेंगे। ऐसे में लोग कम सिक्योरिटी देकर सिलैंडर लेंगे और फिर मार्कीट में ऊंचे दाम पर बेचने लगेंगे। गर्ग ने कहा है कि ये सिर्फ शुरूआत के लिए है। स्थिति के अनुसार दाम को बदला जाएगा।

ये तय किए गए हैं दाम

अगर किसी के पास खाली सिलैंडर है तो...
- डी-टाइप सिलैंडर के रिफिलिंग के लिए 295 रुपए + 12 प्रतिशत जी.एस.टी.
- ए व बी-टाइप सिलैंडर के रिफिलिंग के लिए 175 रुपए+ 12 प्रतिशत जी.एस.टी. 
 

अगर किसी के पास सिलैंडर नहीं है तो...
- 25 हजार रुपए की कुल सिक्योरिटी। सिलैंडर देने पर 100 रुपए रोजाना के काटने के बाद बाकी पैसे वापस।
- डी-टाइप सिलैंडर के रिफिलिंग के लिए 295 रुपए + 12 प्रतिशत जी.एस.टी.
- ए व बी-टाइप सिलैंडर के रिफिलिंग के लिए 175 रुपए + 12 प्रतिशत जी.एस.टी.


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News