पंजाबः बढ़ रहा हैं मौत का आंकड़ा, कहीं अर्थी को नहीं मिला कंधा, कहीं आधी रात को जलाना पड़ा शव

punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2020 - 09:08 AM (IST)

जालंधरः पंजाब में कोरोनावायरस के कारण हालात बिगड़ते जा रहे है। इस वायरस से पीड़ित आज एक और मरीज ने दम तोड़ दिया, जिससे मौत का आंकड़ा 5 हो गया है। सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के पूर्व हुजूरी रागी पद्मश्री भाई निर्मल सिंह खालसा का गुरुवार सुबह गुरु नानक देव अस्पताल अमृतसर में निधन हो गया। उनकी कोरोना टैस्ट की रिपोर्ट गत दिवस पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उनके स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आ रही थी। 


अंतिम समय में 4 कंधे भी नहीं हुए नसीब 
इससे पहले मोहाली के 65 वर्षीय बुजुर्ग की चण्डीगढ़ पी.जी.आई. में मंगलवार को मौत हो गई, जिसके बाद हड़कंप मच गया। मंगलवार शाम को उसका शव मोहाली के श्मशान घाट में लाया गया। मृतक का बड़ा बेटा भी साथ ही था। शव श्मशान घाट पहुंचा तो मृतक के बेटे ने अधिकारियों को शव एंबुलेंस से निकलवाने के लिए कहा लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी। इतना ही नहीं, उसने शव उतारने के लिए श्मशान घाट में काम करने वाले लोगों की भी मिन्नतें की लेकिन कोई आगे नहीं आया। आखिरकार डेढ़ घंटे बाद निगम कमिश्नर मोहाली ने मौके पर निगम के जे.ई. को भेजा। उन्होंने पहले शव को सैनेटाइज करवाया और फिर श्मशान घाट के 2 कर्मचारियों को बुलाकर पी.पी.ई. किट पहनाई। इसके बाद कहीं जाकर 3 लोगों की मदद से शव को एंबुलेंस से बाहर निकाल कर इलेक्ट्रानिक भट्टी में ले जाया गया। कड़ी मुशक्कत के बाद मृतक का अंतिम संस्कार किया गया। कोरोना ने हालात ऐसी कर दिए कि बुजुर्ग को आखिरी समय में 4 कंधे भी नसीब नहीं हुए।

शव को छूने से कतराते रहे लोग
वहीं लुधियाना से राजिंद्रा अस्पताल में भर्ती हुई पूजा जिसकी कोरोना से मौत हो गई थी, का शव अस्पताल के अंदर ही दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक पड़ा रहा। इसे कोरोना वायरस की दहशत कहें या स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही? इसने इंसानियत को तार-तार कर दिया है। अब तो इस बीमारी से पीड़ितों का पार्थिव शरीर भी ले जाने के लिए कोई एंबुलेंस तैयार नहीं है। आखिर अस्पताल प्रशासन ने आधी रात के समय श्मशान घाट की गाड़ी लुधियाना भेजी। फिर जब सभी एंबूलैंस वालों ने हाथ खड़े कर दिए तो अस्पताल प्रशासन ने स्थानीय श्मशान घाट की मैनेजमेंट से संपर्क किया तो उन्होंने अपना रोना शुरू कर दिया। उसके द्वारा देर रात 1.30 बजे पूजा का पार्थिव शरीर को लेकर उसके दोनों बेटे, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारी लुधियाना श्मशान घाट पहुंचे। वहां रात में ही अंतिम संस्कार किया गया।

45 लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि
पंजाब में 45 लोगों के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 19 नवांशहर जिले, 10 मोहाली, 6 होशियारपुर, 5 जालंधर, 3 लुधियाना, एक पटियाला और 1 व्यक्ति अमृतसर जिले से हैं।मरने वालों में नवांशहर जिले के 70 वर्षीय बुजुर्ग पाठी की 18 मार्च को मौत हो गई थी। 29 मार्च की रात में अमृतसर के श्री गुरु नानक देव जी मेडिकल कॉलेज में दाखिल होशियारपुर जिले के गांव मोरांवाली के एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। 30 को पटियाला में भर्ती लुधियाना के अमरपुरा की 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई। इसके बाद  31 को मोहाली के नया गांव निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वह पीजीआई चंडीगढ़ में उपचाराधीन था।

Vatika