कांग्रेस के भ्रष्टाचारी लीडरों ने तरक्की की, पंजाब ने नहीं: वित्त मंत्री हरपाल चीमा
punjabkesari.in Wednesday, Apr 26, 2023 - 01:09 PM (IST)

जालंधर (रमनदीप सिंह सोढी): जालंधर लोकसभा उपचुनाव को लेकर पंजाब भर की लीडरशिप प्रचार करने पहुंची हुई है। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है सियासी माहौल गर्माता जा रहा है। राजनीतिक पार्टियों द्वारा अपने-अपने उम्मीदवार की जीत के दावे किए जा रहे हैं। वहीं पंजाब केसरी के साथ विशेष बातचीत करते हुए पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब में बेमिसाल विकास कार्य हुए हैं। दूसरी राजनीतिक पार्टियों अकाली दल-भाजपा गठबंधन और कांग्रेस सरकार के समय भी इतने विकास कार्य नहीं हुए जितने आम आदमी पार्टी की सरकार ने एक साल में कर दिखाए हैं।
चीमा का कहना है कि विरोधी पाार्टियों के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है, खासकर कांग्रेस जिसके पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह खुद आरामपरस्त रहे हैं जिसका नतीजा यह हुआ कि पंजाब का तो कोई विकास नहीं हुआ मगर कांग्रेसी भ्रष्टाचारी नेताओं ने तरक्की जरूर की है। पेश हैं वित्त मंत्री हरपाल सिंह के साथ विशेष बातचीत के अंश:
पंजाब में हुए बेमिसाल विकास कार्यों से ‘आप’ के हक में बनी लहर
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ‘आप’ उम्मीदवार सुशील रिंकू के हक में वोट मांगने के लिए गांव-गांव जा रहे हैं। इस पर जब उनसे यह सवाल पूछा गया कि इन चुनावों को लेकर आपको क्या लगता है तो उन्होंने कहा कि जालंधर के लोग आम आदमी पार्टी को भरपूर समर्थन दे रहे हैं। इसका कारण ‘आप’ सरकार में पहले ही साल में बेमिसाल विकास कार्य होना है, जिससे आम आदमी पार्टी के हक में एक लहर चल पड़ी है जबकि इससे पूर्व की सरकारों के नेता 4 साल तो अपना विकास करते रहते थे और अंतिम वर्ष में सड़कें और नालियां बना देते थे बाकी तो लगातार खजाने की लूट ही होती रहती थी लेकिन ‘आप’ सरकार के पहले साल में ही नौजवानों को नौकरियां तो दी ही गईं, साथ में पंजाब का खजाना भी भरा है।
इसके साथ ही आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की सबसे बड़ी गारंटी हर महीने 300 यूनिट बिजली मुफ्त देना पूरी हुई है। यही नहीं पावरकॉम को इसके बनते पैसों का भुगतान भी किया गया है। इसके अलावा स्कूल ऑफ एमिनैंस बनने शुरू हुए हैं। पंजाब में स्कूलों की हालत किसी से छिपी हुई नहीं थी। यही नहीं सरकारी स्कूलों के अध्यापकों को विदेश भेजकर शिक्षा का ढांचा देखने की गारंटी भी ‘आप’ सरकार ने पूरी की है। सभी स्कूलों की खराब इमारतों के सुधार के लिए बड़ी तेजी के साथ काम शुरू हो चुका है। 500 से ज्यादा आम आदमी क्लीनिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दे रहे हैं तथा और भी आम आदमी क्लीनिक खोले जाने की तैयार हो चुकी है।
रसूखदार परिवारों द्वारा कब्जाई गई हजारों एकड़ जमीनें केवल आम आदमी पार्टी की सरकार ने छुड़वाई हैं। यह काम पहली सरकारों ने क्यों नहीं किया? भाजपा का अंत शुरू हो चुका है सैंटर में आम आदमी पार्टी को घेरा जा रहा है। अरविंद केजरीवाल पर सी.बी.आई. शिकंजा कस रही है और पंजाब में भी एक्साइज पॉलिसी को लेकर जांच की मांग उठ रही है। इस पर चीमा ने कहा कि जब किसी भी देश का राजा तानाशाह बन जाए और अपनी एजैंसियों को गैर कानूनी तौर पर बरतने लगे तो इसका मतलब है कि उस राजा के राज का अंत लिखा गया है और भाजपा का अंत भी शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि जब विरोधी दल के बड़े नेताओं अरविंद केजरीवाल, लालू प्रसाद यादव का परिवार, ममता बनर्जी और बिहार में नीतीश कुमार जैसे नेताओं को चुन-चुन कर टार्गेट किया जा रहा है। देश की सरकार जब भी तानाशाह बनी है तो लोगों ने सरकार को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
पंजाब की शांति को बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है
पंजाब में लॉ एंड आर्डर को लेकर सरकार पर टिप्पणियां हो रही हैं कि आम आदमी पार्टी की सरकार से पंजाब की स्थिति संभाली नहीं जा रही है। लूटपाट, कत्लेआम और हाल ही में मोरिंडा में हुआ बेअदबी का मसला इसके उदाहरण हैं। विरोधी दल लगातार सरकार को घेर रहे हैं। इस पर वित्त मंत्री चीमा ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तो क्या पंजाब में टार्गेटिंग किलिंग हुई हैं या नहीं? कांग्रेस सरकार के समय एक धर्म के लोगों की हत्याएं हुईं। अकाली दल-भाजपा की सरकार के समय जगह-जगह गुरु ग्रंथ साहिब के पावन स्वरूपों की बेअदबियां हुईं। न तो 2 साल तक अकाली दल-भाजपा ने चालान पेश किया और न ही 5 साल तक कांग्रेस ने।
हमारी सरकार ने आते ही चालान पेश किया और हां मोरिंडा में यह घटना हुई है उसका आरोपी गिरफ्तार हो चुका है और कानून मुताबिक उसे सजा दी जाएगी। हमारी सरकार कार्रवाई में कोई ढील नहीं छोड़ रही। पंजाब के हालात बिल्कुल ठीक हैं। असल में विरोधियों के पास कोई मुद्दा नहीं है। पंजाब में अगर निवेशक आ रहे हैं तो इसका मतलब है कि पंजाब का माहौल ठीक है। पंजाब में शांति बनाए रखना हमारी सरकार की जिम्मेदारी है, जिसे हम निभा रहे हैं।
कांग्रेस के राज में चरम पर था भ्रष्टाचार
प्रताप बाजवा कहते हैं कि वित्त मंत्री पंजाब का खजाना भरने में नाकाम साबित हुए हैं। इस पर चीमा ने कहा कि जब पंजाब में कांग्रेस की सरकार थी तो खजाना खाली था। उनके मुख्यमंत्री और मंत्री खजाना खाली होने का राग अलापते रहते थे। यही नहीं साढ़े चार साल बाद मजबूर होकर उन्हें अपना मुख्यमंत्री तक बदलना पड़ा। कांग्रेस पार्टी की सरकार के फेल होने का इससे बड़ा सबूत और क्या हो सकता है। हमारी सरकार का इससे बड़ा सबूत और क्या पेश हो सकता है कि पहली बार एक्साइज पॉलिसी लाई गई और करीब 2900 करोड़ रुपए से पंजाब का खजाना भरा गया। जी.एस.टी. में 16 प्रतिशत की बढ़ौतरी हो गई। किसी भी रैवेन्यू के हैड में घाटा नहीं पड़ा है बल्कि पैसा बढ़ा ही है। मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब के मसलों पर दिन में कई-कई बार मीटिंगें करते हैं और मुख्यमंत्री सहित उनके मंत्रिमंडल के सदस्य भी मीटिंगों में व्यस्त रहते हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस के राज में न तो मुख्यमंत्री और न ही उनके मंत्री कोई मीटिंग करते थे बल्कि भ्रष्टाचार चरम पर था और पंजाब पर करीब एक लाख करोड़ रुपए का कर्ज चढ़ गया वह भी कांग्रेस सरकार के समय में जबकि हमारी सरकार ने 36000 करोड़ का कर्ज चुकाया है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here
पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here