मातृभूमि की रक्षा में पंजाब की कुर्बानियों का ऋणी है देश: ओम बिड़ला

punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2020 - 11:47 AM (IST)

होशियारपुर(राजेश जैन): देश में हुए विभिन्न युद्धों के दौरान मातृभूमि की रक्षा करते हुए पंजाब व विशेषत: जिला होशियारपुर के वीर सैनिकों द्वारा दी गई सर्वाधिक कुर्बानियों के चलते पूरा देश ऋणी है। उक्त विचार लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने डी.ए.वी. कॉलेज में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना की अध्यक्षता में आयोजित 3 से 5 पीढ़ियों से देश की सेवा कर रहे 21 पूर्व सैनिकों को सम्मानित करने के लिए आयोजित समारोह के मौके पर विशाल उपस्थिति को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। जिले से संबंधित 574 रणबांकुरों की शहादतों की गाथा सुन लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि मैं होशियारपुर की पावन धरती व पंजाब को नमन करता हूं। 

इस समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश, पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्षण सूद, डी.ए.वी. कालेज प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष डा. अनूप कुमार, सचिव डी.एल. आनंद, प्रिं. डा. नीरजा ढींगरा, प्रमुख शिक्षाविद् प्रो. जसवीरा मिन्हास व मेयर शिव सूद ने भी विशेष तौर पर शिरकत की। बिड़ला ने जिले से संबंधित 21 ऐसे पूर्व सैन्य अधिकारियों को सम्मानित किया जो पिछली 3 से 5 पीढिय़ों से देश की सेवा में लगे हैं। सैनिक परिवारों को सम्मानित करने के लिए स्मृति चिन्ह व शॉलें जी.एस.एस.एल सोशल सर्विस के डायरैक्टर सतीश महाजन व मनोज गुप्ता की तरफ से प्रायोजित की गई थीं। 

स्वतंत्रता सेनानी व शहीद यादगारी गैलरियों का किया लोकार्पण
पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना द्वारा अपने संसदीय काल में सांसद निधि कोष में से 1 करोड़ की लागत से कोर्ट रोड पर बनाई गई शहीद यादगारी व मॉडल टाऊन में बनाई गई स्वतंत्रता सेनानी गैलरी का लोकार्पण लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने किया। उन्होंने कहा कि खन्ना का यह एक बेहद सराहनीय कदम है। आने वाली पीढ़ियां इन गैलरियों का अवलोकन कर देश सेवा के लिए प्रेरित होंगी। उन्होंने कहा कि देश के हर जिले में शहीदों की यादगारें बनाए जाने की आवश्यकता है। 

इस अवसर पर जिला संघ चालक अशोक चोपड़ा, मीनाक्षी खन्ना, एडवोकेट पीयूष खन्ना, भाजपा के पूर्व जिला प्रधान डा. रमन घई व विजय अग्रवाल, पार्टी के प्रमुख नेता उमेश जैन, राजेश नाकड़ा, व्यापार मंडल के जिला प्रधान सेठ गोपी चंद कपूर के अलावा बड़ी तादाद में शहर के प्रमुख नागरिक मौजूद थे। इस मौके पर शहर की विभिन्न संस्थाओं की तरफ से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला को सम्मानित भी किया गया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Sunita sarangal

Recommended News

Related News