पंजाब में सड़क के रास्ते दाखिल होने या गुजरने वाले यात्री इस तरह कर सकते हैं E-Registration

punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2020 - 02:23 PM (IST)

चंडीगढ़(अश्वनी): हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा बाहरी राज्यों के नागरिकों के लिए आवागमन खोले जाने के बाद हिमाचल के बार्डर पर पैदा हुई स्थिति से सबक लेते हुए पंजाब सरकार ने राज्य में प्रवेश करने वाले और यहां से गुजरने वाले बाहरी राज्यों के नागरिकों के लिए ई-रजिस्ट्रेशन तुरंत प्रभाव से लागू कर दी है।

यह फैसला पंजाब की सीमाओं पर बाहरी राज्यों के नागरिकों के जमावड़े को रोकने के लिए किया गया है। हिमाचल सरकार द्वारा राज्य की सीमाएं खोले जाने के बाद बड़ी संख्या में अन्य राज्यों के लोग हिमाचल में प्रवेश करने के लिए राज्य की सीमा पर इकट्ठा हो गए थे, क्योंकि लोगों को ई-रजिस्ट्रेशन किए जाने की पूर्व सूचना नहीं थी। लिहाजा सैंकड़ों वाहनों को हिमाचल की सीमाओं से ही वापस भेज दिया गया था। पंजाब में दाखिल होने वाले सभी यात्रियों के लिए आज रात से ई-रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को अनिवार्य कर दिया गया है। यह फैसला मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह द्वारा राज्य में प्रवेश करने वालों खासकर दिल्ली/ एन.सी.आर. से आने वाले लोगों से पैदा होने वाले खतरे के मद्देनजर लिया गया है। इसके बिना अब पंजाब में कोई भी यात्री प्रवेश नहीं कर पाएगा। पंजाब में सड़क के रास्ते दाखिल होने या गुजरने वाले यात्रियों को इस प्रकार रजिस्ट्रेशन  प्रक्रिया करने की सलाह दी गई है।

  • यात्रा शुरू करने से पहले कौवा एप या वैब लिंक  htt ps://cova.punjab.gov.in/registration द्वारा स्व-रजिस्टर्ड हों। 
  • रजिस्ट्रेशन उपरांत प्राथमिक यात्री को एस.एम.एस. द्वारा कन्फर्मेशन लिंक प्राप्त होगा। 
  • लिंक पर क्लिक कर क्यू.आर. कोड वाला प्रिंट ए-4 साइज की शीट पर निकालने के बाद वाहन के शीशे की बाईं तरफ चिपकाएं या डैशबोर्ड पर रखें। 
  • सीमा पर चैकिंग प्वाइंटों पर स्टाफ द्वारा प्रिंट वाले क्यू.आर. कोड को स्कैन किया जाएगा जिसके उपरांत मैडीकल स्क्रीनिंग होगी।
  • सफलतापूर्वक मैडीकल स्क्रीनिंग उपरांत प्रक्रिया मुकम्मल हो जाएगी। 
  • कोविड के लक्षण सामने आने की सूरत में चैकिंग प्वाइंट पर स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा सहायता और मार्गदर्शन किया जाएगा।

रोजाना आधार पर देनी होगी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि वह यात्री जो प्रवेश कर रहे हैं और सिर्फ गुजर नहीं रहे, को चैक-प्वाइंट सफलता से पार कर लेने के बाद जिनमें लक्षण न मिले, को 14 दिन के लिए अपने घरों में स्व-एकांतवास में रहना होगा। इस दौरान सेहत संबंधी जानकारी रोजाना आधार पर हैल्पलाइन नंबर 112 या कौवा एप द्वारा देनी होगी। लक्षण पाए जाने की सूरत में चैक-प्वाइंट पर जरूरी हिदायतें दी जाएंगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News