नहर में गिरी गाय झाल में फंसी: रस्सियों की मदद से बाहर निकालने के लिए जद्दोजहद जारी, बचाने में जुटे लोग
punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 03:53 PM (IST)
लुधियाना (राज): यहां के गिल नहर क्षेत्र से एक बेहद भावुक और चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक बेसहारा गाय अचानक नहर में गिर गई। पानी के तेज बहाव के कारण गाय नहर की झाल (हाइड्रोलिक फॉल/गेट) में जाकर बुरी तरह फंस गई है। घटना का पता चलते ही आस-पास के इलाका निवासी और राहगीर तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए और गाय को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया।
मौके पर मौजूद चश्मदीदों के अनुसार, गाय को नहर के तेज पानी से सही-सलामत बाहर निकालने के लिए पूरी जान लगाई जा रही है। स्थानीय युवाओं और लोगों ने भारी मशक्कत करते हुए मजबूत रस्सियों का इंतजाम किया है। रस्सियों की मदद से गाय को बांधकर ऊपर खींचने की पूरी कोशिश की जा रही है, ताकि बेजुबान की जान बचाई जा सके। पानी का बहाव तेज होने के कारण बचाव कार्य में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इलाके के लोग पूरी मुस्तैदी के साथ जद्दोजहद में जुटे हुए हैं। इस घटना की सूचना संबंधित प्रशासन को भी दे दी गई है ताकि जल्द से जल्द गाय को सुरक्षित बाहर निकालकर उसका जरूरी इलाज करवाया जा सके।

