युवक का पेड़ से लटकता मिला शव, फैली सनसनी

punjabkesari.in Sunday, Jan 20, 2019 - 07:40 AM (IST)

होशियारपुर(अमरेन्द्र): थाना मॉडल टाऊन के अधीन आते वन चेतना पार्क के पीछे भंगी चो के साथ लगते पेड़ से एक युवक के लटके शव को देख शनिवार सायं साढ़े 5 बजे के करीब सनसनी सी फैल गई। लोगों ने इसकी सूचना भाजपा पार्षद अशोक शौंकी को दी।

मौके पर पहुंच पार्षद शौंकी ने शव मिलने की सूचना थाना मॉडल टाऊन पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाऊन के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर भरत मसीह के साथ ए.एस.आई. नानक सिंह व गुलशन कुमार पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंच गए। मृतक की जेब से बरामद पहचान पत्र से शव की शिनाख्त राजप्रीत सिंह (33) पुत्र मनजिन्द्र सिंह निवासी गली नंबर 5 मोहल्ला टिब्बा साहिब के तौर पर हुई। पुलिस मृतक राजप्रीत के परिजनों को सूचना दे शव का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।

भंगी चो बांध पर मोटरसाइकल खड़ी कर लगाया फंदा
मौके से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सायं साढ़े 5 बजे के करीब भंगी चो के बांध पर रहस्यमय हालात में मोटरसाइकल को बहुत देर तक खड़े देख लोगों को शक हुआ। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मृतक राजप्रीत सिंह के परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजप्रीत एक निजी कंपनी में काम करता था। आज सुबह वह काम पर गया था पर उसे क्या पता था कि शाम को यह सब देखना पड़ेगा। परिजनों के अनुसार 3 दिन पहले ही राजप्रीत के दादा सरदारा सिंह का हार्ट अटैक से निधन हुआ था। दादा की मौत के बाद राजप्रीत बहुत दुखी चल रहा था। मृतक राजप्रीत सिंह अपने पीछे माता-पिता व पत्नी को रोते बिलखते छोड़ गया है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच : एस.एच.ओ.
सम्पर्क करने पर थाना मॉडल टाऊन के एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर भरत मसीह ने बताया कि मृतक राजप्रीत सिंह के परिजनों के अनुसार राजप्रीत अपने दादा के निधन से दुखी चल रहा था। पुलिस इस मामले की जांच के लिए मृतक के परिजनों के साथ उसकी पत्नी व आसपास के लोगों से भी बात करेगी। पुलिस इस बात की जांच करेगी कि मृतक का किसी के साथ कोई लड़ाई झगड़ा तो नहीं था जिससे दुखी हो उसने फंदा डाल खुदकुशी कर ली है।

Anjna