रेस्टोरेंट में घुसे हथियारबंद गुंडे, ईंट-पत्थरों से बरपाया कहर; CCTV तोड़ नकदी लेकर फरार
punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 08:47 AM (IST)
लुधियाना(राज): गुरु तेग बहादुर चौक के नजदीक 200 फुटा रोड पर कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए गुंडागर्दी का एक बेहद सनसनीखेज और खौफनाक मामला सामने आया है। यहां 'किटी किचन' नामक रेस्टोरेंट चलाने वाले भाई-बहन पर पड़ोस के एक दबंग अहाता मालिक ने अपने गुर्गों के साथ मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने रेस्टोरेंट में ईंट-पत्थरों और कांच की बोतलों से जमकर तांडव मचाया और खाना बनाने वाली लोहे की भारी-भरकम भट्टी उठाकर रेस्टोरेंट मालिक के सिर पर दे मारी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी काउंटर के गल्ले में रखी हजारों रुपये की नकदी लूटकर फरार हो गए।
'पूरी मार्केट मेरी है'... धमकी के बाद हमला
'किटी किचन' की को-ओनर रमनप्रीत कौर और उनके भाई ने बताया कि उनके रेस्टोरेंट के पास ही एक व्यक्ति बिना लाइसेंस के अवैध रूप से खुले में अहाता चलाता है और लोगों को शराब परोसता है। यहां अक्सर शराबी अपनी कारों में बैठकर सरेआम हुड़दंग मचाते हैं। कुछ दिन पहले यहां शराब पीने आए कुछ हुड़दंगियों ने रमनप्रीत कौर के साथ सरेराह छेड़छाड़ की थी। जब किटी किचन के मालिकों ने इसका कड़ा विरोध किया और उन्हें वहां शराब पीने से रोका, तो अहाता मालिक ने इसे अपनी निजी बेइज्जती मान लिया। दबंग अक्सर उन्हें खुलेआम धमकी देता था कि पूरी मार्केट उसकी है और वह उन्हें वहां काम नहीं करने देगा। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने पाले हुए गुंडों को किटी किचन पर हमला करने के लिए भेज दिया। हमलावर हथियारों और ईंट-पत्थरों से लैस होकर पूरी तैयारी के साथ आए थे। उन्होंने आते ही रेस्टोरेंट के अंदर और बाहर कांच की बोतलें और ईंटें बरसानी शुरू कर दीं।
40 से 50 हजार रुपये की नकदी भी लूटी
बदमाशों ने रेस्टोरेंट के अंदर घुसकर कुर्सियां, टेबल और सारा कीमती सामान तहस-नहस कर दिया। गुंडागर्दी इस कदर हावी थी कि उन्होंने काउंटर के पास रखी लोहे की भारी भट्टी उठाई और सीधे रेस्टोरेंट मालिक के सिर पर दे मारी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। हमलावरो ने रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे को ईंट मारकर नीचे गिरा दिया ताकि उनकी पहचान न हो सके। हालांकि, कैमरा टूटने से पहले करीब 1 से 1.5 मिनट की फुटेज में बदमाशों की सारी करतूत और चेहरे साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गए। पीड़ितों ने बताया कि जाते-जाते हमलावर काउंटर के गल्ले में रखे करीब 40 से 50 हजार रुपये की नकदी भी लूट ले गए, जो उनके पिछले तीन-चार दिनों की मेहनत की कमाई थी। इस खूनी वारदात के बाद थाना दुगरी की पुलिस को तुरंत मामले की सूचना दी गई।जांच अधिकारी अर्पित ने बताया कि चूंकि पीड़ित की हालत अभी बेहद नाजुक है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं है, इसलिए उसके होश में आते ही आधिकारिक बयान दर्ज कर मुख्य आरोपी और उसके अज्ञात गुंडों के खिलाफ संगीन धाराओं के तहत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

