बेखौफ बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर पेशी पर आए कैदी को छुड़वाया

punjabkesari.in Saturday, Aug 18, 2018 - 07:39 PM (IST)

फिरोजपुर(कुमार, मल्होत्रा, मनदीप): फिरोजपुर की अदालत में एन.डी.पी.एस एक्ट के एक केस में नाभा जेल से पेशी पर आए कथित स्मग्लर हरभजन सिंह पुत्र लाल सिंह निवासी निहाला किलचा को तीन हथियारबंद व्यक्ति पुलिस पर फायरिंग करते हुए अपने साथ भगाकर ले गए। एक पंजाब पुलिस के हवलदार लक्ष्मण सिंह की टांगों पर गोलियां लगी है। जिसे सिविल अस्पताल फिरोजपुर में उपचार के लिए लाया गया है। डाक्टरों की तरफ से फस्ट एड देने के बाद हवलदार लक्ष्मण सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उसे फरीदकोट मैडीकल कालेज रैफर कर दिया गया है। 

प्राप्त जानकारी अनुसार हरभजन सिंह जोकि हैरोइन बरामदगी के केस में नाभा जेल में सजा काट रहा है, उसे आज हैरोइन बरामदगी के केस में पेशी भुगतने के लिए फिरोजपुर जेल में लाया गया। जब तीन पुलिस कर्मचारी उसे वापिस ले जा रहे थे तो घल्लखुर्द के पास तीन हथियार बंद व्यक्ति आए, जिन्होंने पुलिस पर फायरिंग की और हरभजन सिंह को अपने मोटरसाइकिल पर बिठाकर कर फरार हो गए। जानकारी अनुसार हरभजन सिंह पर 22 किलो हैरोइन रिक्वरी का केस चल रहा है और आज उसे एडीशनल जिला व सैशन जज फिरोजपुर मैडम एच.के सिधू की कोर्ट में पेश किया गया था। जिसमें फैसला सुनाने के लिए 27 अगस्त 2018 की पड़ी है।


प्राप्त जानकारी अनुसार 22 किलो हैरोईन रिक्वरी के केस में उसका पिता लाल सिंह, मां कौशल्या, बहन कृष्णा और भाई जोगिन्द्र सिंह भी जेल में बंद है। घटना की सूचना मिलते ही एस.पी हैड क्वार्टर मनविन्द्र सिंह सिविल अस्पताल में पहुंच गए और उन्होंने बताया कि हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर सवार थे। उन्होंने बताया कि फरार हुए हरभजन सिंह के खिलाफ अन्य कई मामलें दर्ज है। उधर, एस.एस.पी फिरोजपुर स.प्रीतम सिंह ने बताया कि जिला फिरोजपुर को सील कर दिया गया है और सभी जिलों की पुलिस को वायरलैस मैसेज देते अल्र्ट कर दिया गया है। पुलिस की तरफ से जिले भर में नाकाबंदी कर दी गई है। 
 

Vaneet