प्रेम संबंधों के चलते बेटी ने की थी पिता की हत्या, मां ने दिया था साथ

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2020 - 04:25 PM (IST)

तरनतारन (रमन): बीती 24 जून की रात को कस्बा वल्टोहा में एक व्यक्ति की तेजधार हथियारों से हत्या की गई थी। इसी मामले को लेकर थाना वल्टोहा की पुलिस द्वारा अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया था और अब पुलिस ने इस केस की गुत्थी को सुलझाते हुए मृतक की पत्नी, बेटी सहित 5 आरोपियों को काबू कर लिया गया है। इनके खिलाफ पुलिस ने अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।

तकनीकी माहिरों की मदद से सुलझी हत्या की गुत्थी
डी.एस.पी. भिखीविंड राजबीर सिंह ने बताया कि संतोख सिंह पुत्र जरनैल सिंह निवासी मुठियावाला जोकि अपने ससुराल कस्बा वल्टोहा में रहता था। बीते जून महीने की 24 तारीख की रात को वह अपने परिवारिक सदस्यों के साथ खाना खाकर अपनी खटिया पर सो गया। तभी देर रात कुछ अज्ञात व्यक्ति घर में दाखिल हुए और तेजधारों हथियारों से वार कर संतोख सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। सुबह जब उन्हें सूचना मिली तो वह पुलिस पार्टी सहित मौके पर पहुंचे थे और घटना स्थान का जायजा लेकर उन्होंने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस भी दर्ज कर लिया था। उन्होंने बताया कि आरोपियों को काबू करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी और परिवार के साथ भी पूछताछ की गई। तकनीकी माहिरों की मदद के साथ इस हत्या गुत्थी को सुलझाते हुए असल आरोपियों का पता चल गया है, जो अब पुलिस की पकड़ में है।

बेटी के प्रेम संबंध के चलते मां देती थी पूरा साथ
उन्होंने बताया कि संतोख सिंह की हत्या करने वाला कोई और नहीं बलकि मृतक की खुद की पत्नी और बेटी हैं, क्योंकि मृतक की बेटी राजबीर कौर के पड़ोसी मनजिंदर सिंह पुत्र मंगल सिंह निवासी वल्टोहा के साथ प्रेम संबंध थे, जिसका मृतक संतोख सिंह अक्सर विरोध करता था और इस बात को लेकर घर में कई बार झगड़ा भी हो जाता था। यहीं नहीं मृतक की बेटी के इस प्रेम संबंध के चलते उसकी मां (मृतक की पत्नी) भी अपनी बेटी का पूरा साथ देती थी। डी.एस.पी. राजबीर सिंह ने बताया कि मृतक की बेटी मनजिंदर सिंह के साथ शादी करना चाहती थी और संतोख सिंह के मना करने पर मां-बेटी ने 3 लोगों के साथ मिलकर संतोख सिंह को रास्ते से हटाने के लिए एक प्लेन तैयार किया। जब संतोख सिंह 24 जून की रात को अपने घर सो रहा था तो पत्नी गुरजीत कौर, बेटी राजबीर कौर ने मनजिंदर सिंह, साजन सिंह पुत्र काला सिंह निवासी घड़का, जगरूप सिंह पुत्र हरजिंदर सिंह निवासी हटाए वाला के साथ मिलकर तेजधार हथियार से संतोख सिंह की हत्या कर दी, जो उसी रात मौके से फरार हो गए थे। जो अब पुलिस की पकड़ में हैं, जिनके खिलाफ अगली कार्रवाई के लिए पूछताछ शुरु कर दी गई है। इस मौके पर थाना वल्टोहा के प्रभारी बलविंदर सिंह व अन्य पुलिस मुलाजिम हाजिर थे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vatika

Recommended News

Related News