गुरदासपुर में दिनदहाड़े डकैती : व्यापारी को निशाना बना उड़ाई हजारों की नकदी

punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 07:26 PM (IST)

गुरदासपुर, ( हरजिंदर गोराया) : गुरदासपुर के गीता भवन रोड पर एक गरीब गुड़ विक्रेता के पीछे दो मोटरसाइकिल सवार आए और उसकी जेब फाड़ कर उसमें रखे 18,500 रुपए ले भागे। वेद प्रकाश नामक यह गरीब अपनी स्कूटी पर गुड़ के बड़े व्यापारियों को भुगतान देने जा रहा था, जिनसे वह गुड़ खरीदता है। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और शातिरों की पहचान करने का प्रयास शुरू कर दिया है।

पीड़ित वेद प्रकाश ने जानकारी देते हुए बताया कि मैं गुड़ बेचता हूं और पैसे इकट्ठा कर बड़े व्यापारी को देने जा रहा था। तभी दो लड़के स्प्लेंडर पर आए और मेरी जेब खींचकर उसमें रखे 18,500 रुपए लेकर फरार हो गए। इस दौरान मेरा कुर्ता भी फट गया। मैंने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। मौके पर पहुंचे अधिकारी सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं। वेद प्रकाश ने पुलिस से अपील की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसके पैसे वापस दिलाए जाएँ।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी अजे कुमार ने कहा कि सीसीटीवी कैमरों की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Subhash Kapoor

Related News