दोस्त के साथ गया युवक नहीं लौट वापस, अगले दिन नहर से मिला शव
punjabkesari.in Thursday, Jun 25, 2026 - 02:01 PM (IST)
फरीदकोट(राजन): फरीदकोट के फिरोजपुर रोड स्थित अबनूर कॉलेज के पास नहर से 26 वर्षीय युवक का शव मिलने के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। मृतक के परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद थाना सिटी-2 फरीदकोट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव जंग, गुरुहरसहाय (जिला फिरोजपुर) निवासी राज कुमार ने बताया कि उसका बेटा गुलशन फरीदकोट स्थित गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज के पास एक फार्मेसी में ठेके के आधार पर काम करता था और नारायण नगर में एक पी.जी. में रहता था।
शिकायतकर्ता के अनुसार 22 जून को उसके बेटे का दोस्त डॉक्टर अजूश, जो सिविल अस्पताल बरनाला से संबंधित है, किसी काम से फरीदकोट आया हुआ था। अगले दिन वह गुलशन को अपने साथ खाना खाने का बहाना बनाकर कार में ले गया। परिजनों ने कई बार गुलशन से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका फोन नहीं लगा।
शिकायत के मुताबिक जब रात करीब 9 बजे डॉक्टर अजूश से संपर्क किया गया तो उसने बताया कि गुलशन शाम करीब 5 बजे सूए (नहर) में बह गया था। इस पर परिवार ने संदेह जताते हुए आरोप लगाया कि उनके बेटे के साथ कोई अप्रिय घटना हुई है और उसकी हत्या कर शव नहर में फेंका गया है।
बाद में युवक का शव नहर से बरामद हो गया, जिसके बाद परिजनों का शक और गहरा गया। पुलिस ने परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद इलाके में शोक और चर्चा का माहौल बना हुआ है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

