Phagwara : संदिग्ध हालातों में नवविवाहिता की मिली लाश, इलाके में फैली सनसनी

punjabkesari.in Saturday, Feb 24, 2024 - 10:52 PM (IST)

फगवाड़ा (जलोटा): फगवाड़ा के घनी आबादी वाले ओंकार नगर मोहल्ले में आज सुबह तब हड़कंप मच गया, जब एक नवविवाहिता की घर में फांसी लगी हालत में लाश बरामद हुई। मृतका जिसकी पहचान वर्षा मिश्रा पत्नी रवि मिश्रा निवासी ओंकार नगर फगवाड़ा है, के शव को घटनास्थल पहुंची थाना सिटी फगवाड़ा की पुलिस ने कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह भेज दिया है। 

यह भी पढ़ें  : ETT शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक, जानें क्या है वजह

मामले संबंधी मृतका वर्षा के पिता ने बताया कि कि उन्होनें अपनी पुत्री का विवाह करीब एक वर्ष पहले 27 फरवरी 2023 को रवि मिश्रा वासी ओंकार नगर फगवाड़ा के साथ किया था। अभी उनकी पुत्री की शादी को हुए एक वर्ष भी नहीं हुआ है कि आज उनके साथ यह अनर्थ घट गया है। उनका कहना है कि मृतका वर्षा अपने पति रवि मिश्रा के साथ बीते चार महीनों से अलग से किराए के मकान में रह रही थी। उनका दामाद बीते दो दिनों से घर नहीं आया था और वह अपनी बहन जो की भाजपा की पूर्व पार्षद है, के घर में रह रहा था। उन्होंने कथित तौर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा के उसकी लड़की को इन लोगों द्वारा शादी के बाद से ही शारीरिक और मानसिक तौर पर निरंतर तंग परेशान किया जा रहा था। उन्होनें आरोप लगाया कि उनकी पुत्री की हत्या करने के बाद उसका शव पंखे से लटकाया गया है। उन्होंने जिला कपूरथला की एसएसपी सहित फगवाड़ा के पुलिस प्रशासन से सारे मामले की निष्पक्ष ढंग से जांच करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। 

यह भी पढ़ें- किसान आंदोलन को लेकर अहम खबर, इस तारीख तक टला दिल्ली कूच

वहीं दूसरी ओर पूर्व भाजपा पार्षद के निकट सूत्रों ने मृतका वर्षा के पिता द्वारा लगाए जा रहे सभी आरोपों को गलत और निराधार बता किसी भी तथ्य की पुष्टि नहीं की है। इन्होनें उल्टा वर्षा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।  इसी मध्य मामले की जांच कर रहे थाना सिटी फगवाड़ा के एसएचओ ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतका के परिजनों द्वारा जो भी बयान दर्ज करवाए जाएंगे उसके अनुसार सारी कार्रवाई को तुरंत पूरा किया जाएगा। पुलिस सारे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सारे तथ्यों का पता चलेगा। एसपी फगवाड़ा रूपिन्द्र कौर भट्ठी ने कहा है कि पुलिस तफ्तीश जारी है। 
 

Content Editor

Subhash Kapoor