ऐसे भी आती है मौत,पेड़ के नीचे दब कर व्यक्ति की मौत, 4 घायल

punjabkesari.in Monday, Aug 27, 2018 - 09:06 PM (IST)

जालंधर(राजेश): कहते हैं जिंदगी का कोई भरोसा नहीं। इस वक्तव्य का ज्वलंत उदाहरण आज उस समय मिला जब डी.ए.वी. कालेज फ्लाई ओवर के निकट सफैदे का पेड़ गिर जाने से नीचे खड़ा व्यक्ति दब गया। पेड़ गिरने से व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो छात्रों समेत चार लोग घायल हो गए। वहीं पेड़ छोले भटूरे वाली रेहड़ी के ऊपर जा गिरा जिसमें रेहड़ी चालक की जान तो बच गई पर वो मामूली रूप से घायल हो गया। जिसकी रेहड़ी सफैदे के पेड़ के नीचे आने से टूट गई। घटना डी.ए.वी. कालेज फ्लाई ओवर के निकट की है।

आज सुबह कबीर नगर में डिपू होल्डर चन्द्र मोहन कौशल घर से निकले। वह डी.ए.वी. कालेज फ्लाई ओवर के निकट कनक के ट्रक की प्रतीक्षा करने लगा। ट्रक आने मे देरी के कारण चन्द्र प्रकाश ने नजदीक लगी रेहड़ी वाले को नॉन लगाने के लिए कहा। अभी चन्द्र प्रकाश ने नाहन का आर्डर दिया ही था कि अचानक नजदीक ही लगा सफैदे का पेड़ टूट कर उनके ऊपर गिर गया। सफैदे का पेड़ टूट कर नीचे खड़े चन्द्र प्रकाश पर गिरा। चन्द्र प्रकाश पेड़ के नीचे दब गया। साथ खड़े दो स्टूडैंट समेत चार लोग घायल हो गए। 

छाती पर पेड़ गिरने से चन्द्र प्रकाश (60) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद लोगो ने चन्द्र प्रकाश को सफैदे के नीचे से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। सूचना मिलते ही चन्द्र प्रकाश के परिजन मौके पर पहुंचे। थाना नंबर 1 की पुलिस के मुताबिक पीड़ित परिवार ने घटना संबंधी कोई कार्रवाई नहीं करवाई है। शव परिजनो को सौप दिया गया है।

ट्रक वाले को रास्ता बताने के लिए गए थे, नहीं लौटे
आश्चर्यचकित कर देने वाली दुर्घटना का शिकार हुए चन्द्र प्रकाश के भाई विजय कौशल ने बताया कि उनकी भाभी के नाम पर कबीर नगर में डिपू है। इलाके में बांटने के लिए आज डिपू पर कनक आनी थी। ट्रक वाले ने फोन पर कहा कि वह डी.ए.वी. कालेज फ्लाई ओवर के निकट आ जाए। चन्द्र प्रकाश ट्रक वाले को लेने के लिए फ्लाई ओवर के निकट पहुंचे और दुर्घटना का शिकार हो गए।

कुछ मिनट पहले तो ठीक-ठाक थे
चन्द्र प्रकाश की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। चन्द्र प्रकाश की मृत्यु की सूचना जब उनके घर पहुंची तो किसी ने नहीं माना। परिवार वालों का रो-रो कर बुरा हाल था। कोई भी मानने को तैयार नहीं था कि चन्द्र प्रकाश अब इस दुनिया में नहीं रहे। मानते भी कैसे कुछ मिनट पहले ही तो घर से निकले थे चन्द्र प्रकाश। चन्द्र प्रकाश की अकस्मात मृत्यु के कारण सारा परिवार सदमे में है।


 

Vaneet