बेटे की सगाई टूटने के बाद थाने में पिता की हार्ट अटैक से मौत

punjabkesari.in Friday, Feb 01, 2019 - 10:48 PM (IST)

लुधियाना(ऋषि): बेटे की सगाई टूटने के बाद फैसला करने पुलिस स्टेशन आए पिता की थाना डिवीजन नं-7 में मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है जहां शनिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। मृतक की पहचान सुरजीत सिंह (55) निवासी जी.के. इस्टेट के रूप में हुई है।  

जानकारी देते बेटे कर्ण ने बताया कि वह लगभग अढ़ाई वर्ष पहले ही दिल्ली से यहां आए है। करीब 6 महीने पहले उसकी सगाई जमालपुर पुलिस कालोनी की रहने वाली युवती के साथ हुई थी। युवती के पिता पंजाब पुलिस में थे, जिनकी मौत हो चुकी है। युवक का आरोप है कि सगाई के बाद युवती ने बैंक में चल रहे एक पुराने लॉन को उतारने के लिए 72 हजार रूपए की मदद करने को कहा। जिस पर उसने पैसे दे दिए। बाद में युवती फिर से उससे पैसे मांगने लग पड़ी और पैसे देने से इंकार करने पर सगाई तोड़ दी। 

युवक का आरोप है कि लड़की के पारिवारिक मैंबरों की तरफ से 7 जनवरी को थाना डिवीजन नं-7 की पुलिस को शिकायत दी गई। जिसके बाद वह हर रोज पुलिस स्टेशन के चक्कर काट रहा था। आज दोनों पक्षों का समझौता हो गया। तभी पिता की अचानक तबीयत खराब हो गई। तुंरत पास के प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। ए.डी.सी.पी. राजवीर के अनुसार मृतक को हार्ट की प्रॉब्लम थी और दिल्ली में पहले भी इलाज चल रहा था। पुलिस स्टेशन में तबीयत खराब होने पर अस्पताल ले जाया गया था, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
 

Vaneet