नहर से मिला युवक का शव, मां ने कहा- प्रेम संबंधों के चलते हुआ कत्ल

punjabkesari.in Tuesday, Sep 29, 2020 - 11:57 AM (IST)

लुधियाना(राज): बाड़ेवाल रोड स्थित सिद्धवां नहर में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला, जिसे देखकर इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही थाना पी.ए.यू. की पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक की पहचान आरती चौक स्थित कृष्णा नगर के रहने वाले सोनू (20) के रूप में हुई। गोताखोरों की मदद से पुलिस ने शव नहर से निकाला और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतक के परिवार वालों का आरोप है कि उसके शरीर पर चोटों के निशान हैं और उसका कत्ल हुआ है। 

जानकारी देते हुए मां मालती ने बताया कि उसके दो बेटे हैं। सोनू छोटा है और प्राइवेट नौकरी करता है। शुक्रवार की शाम वह अपने एक दोस्त के साथ स्कूटर पर गया था। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। सोनू के दोस्त ने उस समय तो कुछ नहीं बताया लेकिन बाद में उन्हें थाना पी.ए.यू. से पुलिस कर्मचारी का फोन आया था। पुलिस कर्मचारी ने बताया कि उसके बेटे ने नहर में छलांग लगा दी है। उसकी एक्टिवा और मोबाइल पुलिस ने बरामद कर लिया है। मालती ने आरोप लगाते हुए कहा कि उसके बेटे के एक लड़की के साथ प्रेम संबंध थे। लड़की के परिवार वाले उसे धमका रहे थे। उसने खुदकुशी नहीं की ब्लकि उसका कत्ल हुआ है। उसके साथ मारपीट कर उसे नहर में फेंका गया है।

उधर, थाना पी.ए.यू. की एडिशनल एस.एच.ओ. मनजिंदर कौर का कहना है कि शुक्रवार को युवक के दोस्त ने ही थाने आकर सूचना दी थी। इसके बाद उन्होंने मौके से एक्टिवा बरामद की लेकिन शव का कुछ पता नहीं चला। उन्होंने कुछ दूर स्थित पेट्रोल पंप की फुटेज भी चैक की थी। उसमें युवक एक्टिवा में पैट्रोल डलवाते हुए नजर आए थे और बाद में नहर के पास गए थे। पुलिस ने फिर नहर में से मृतक का शव बरामद किया और उसी दिन परिवार वालों को सूचना दे दी।

लड़की ने दो महीने पहले सोनू के खिलाफ परेशान करने की दी थी शिकायत
ए.डी.सी.पी.-3 समीर वर्मा का कहना है कि मृतक सोनू के परिवार वाले एक लड़की पर आरोप लगा रहे हैं कि उसके परिवार के धमकाने पर मृतक ने खुदकुशी की या उसका कत्ल हुआ लेकिन उक्त लड़की ने दो महीने पहले सोनू के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी थी कि सोनू उसे परेशान कर रहा है। उस समय पुलिस ने सोनू को समझाया भी था। वर्मा का कहना है कि परिवार वालों के कहने के मुताबिक सोनू के शरीर पर चोट के निशान हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो जाएंगे।

Sunita sarangal