मुकेरियां और दसूहा में Vande Bharat Train के Stoppage की मांग तेज, लोगों ने रेलवे मंत्रालय से लगाई गुहार

punjabkesari.in Thursday, May 21, 2026 - 03:35 PM (IST)

हाजीपुर (जोशी): होशियारपुर जिले के मुकेरियां और दसूहा रेलवे स्टेशनों पर ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ ट्रेन के ठहराव की मांग लगातार जोर पकड़ती जा रही है। स्थानीय लोगों, व्यापारिक संगठनों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों ने रेलवे मंत्रालय से इन स्टेशनों पर ट्रेन का स्टॉपेज देने की मांग उठाई है।

लोगों का कहना है कि मुकेरियां और दसूहा क्षेत्र कृषि और व्यापार के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण हैं। यहां के व्यापारियों को अक्सर दिल्ली और अन्य बड़े शहरों में कारोबारी कामों के लिए जाना पड़ता है। ऐसे में वंदे भारत ट्रेन का ठहराव होने से उनकी यात्रा अधिक आसान, तेज और सुविधाजनक हो जाएगी। स्थानीय निवासियों का यह भी कहना है कि वंदे भारत ट्रेन का स्टॉपेज मिलने से हिमाचल प्रदेश जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी बड़ी राहत मिलेगी। उनका मानना है कि इससे इलाके के आर्थिक और औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।

क्षेत्र के समाजसेवी और उद्योगपति राजन मैनी, अमित मैनी, सतनाम सैनी तलवाड़ा और सुतीक्ष्ण शर्मा हाजीपुर सहित कई सामाजिक और व्यापारिक संगठनों ने रेलवे अधिकारियों से मांग की है कि मुकेरियां और दसूहा की भौगोलिक स्थिति तथा यहां से यात्रा करने वाले लोगों की संख्या को देखते हुए इन स्टेशनों पर प्रीमियम ट्रेनों का ठहराव जरूरी है। लोगों को उम्मीद है कि रेलवे विभाग जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द ही मुकेरियां या दसूहा स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी देगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News