चुनाव के बाद सन्नी देओल वापस मुम्बई दौड़ जाएगा: अमरेन्द्र

punjabkesari.in Friday, Apr 26, 2019 - 07:26 PM (IST)

जालन्धर/गुरदासपुर(धवन): मुख्यमंत्री ने फिल्म अभिनेता सन्नी देओल के गुरदासपुर में चुनावी मैदान में उतरने से पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ को किसी भी तरह के खतरे की संभावना को पूरी तरह से रद्द करते हुए कहा कि सन्नी देओल तो चुनाव सम्पन्न होते ही पुन: मुम्बई दौड़ जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सन्नी देओल तो एक फिल्मी फौजी है जबकि वह (कैप्टन) वास्तविक फौजी हैं जिन्होंने सेना में काम किया है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्मी फौजी का कोई जनाधार नहीं होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सन्नी देओल को गुरदासपुर से पराजित करके भेजेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि चाहे सन्नी ने बार्डर फिल्म में ब्रिगेडर कुलदीप सिंह चांदपुरी की भूमिका निभाई परन्तु इससे वह वास्तविक फौजी तो नहीं बन जाते। वह केवल एक अभिनय था जब उनसे सन्नी देओल की ब्लैंक फिल्म के बारे में पूछा गया तो मुख्यमंत्री ने तपाक से जवाब दिया कि वह चुनावों में भी ब्लैंक ही रहेंगे।

फिल्मी हस्तियां केवल व्यक्तिगत स्वार्थों के लिए राजनीति में आती हैं। मुख्यमंत्री ने भाजपा पर व्यंग्य कसते हुए कहा कि उन्हें पंजाब से चुनाव लडऩे के लिए कोई भी नेता नहीं मिला। इसीलिए अमृतसर व गुरदासपुर दोनों सीटों पर पंजाब से बाहर के उम्मीदवारों को उतारा गया है परन्तु वह इन दोनों सीटों पर भाजपा को पराजय दिलवाने के लिए कमर कसने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री आज सुनील जाखड़ का नामांकन पत्र दाखिल करवाने के लिए गुरदासपुर पहुंचे हुए थे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी के विधायक नाजर सिंह मानशाहिया को कांग्रेस में शामिल करने के मुद्दे पर उनके पंजाब कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुनील जाखड़ से कोई मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि मानशाहिया का कांग्रेस में शामिल करने के समय जाखड़ इसलिए मौजूद नहीं थे क्योंकि वह अन्य चुनावी कार्यों में व्यस्त थे। सभी नेताओं का एक स्थान पर इक्ट्ठे होना ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि मानशाहिया को कांग्रेस में शामिल करने के मामले में सुनील जाखड़ से चर्चा कर ली गई थी। उन्होंने मानशाहिया के मामले में चल रही चर्चाओं को मीडिया की उपज करार दिया। अक्षय कुमार द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लिए गए साक्षात्कार के मामले में मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि कैसा साक्षात्कार। उन्होंने तो कोई साक्षात्कार तो देखा ही नहीं क्योंकि वह स्वयं चुनावी कार्यों में व्यस्त हैं। 


 

Vaneet