दूध-पनीर में मिलावट पर खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, नाकाबंदी पर रोके वाहन

punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 07:43 PM (IST)

बठिंडा (विजय वर्मा): गर्मी के मौसम में दूध और दुग्ध उत्पादों में मिलावट की बढ़ती आशंकाओं के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग बठिंडा ने मंगलवार तड़के बड़ा अभियान चलाते हुए बठिंडा-मानसा जीटी रोड पर विशेष नाकाबंदी की। इस दौरान दूध, पनीर और अन्य डेयरी उत्पाद लेकर आने वाले वाहनों की गहन जांच की गई तथा संदिग्ध पाए गए उत्पादों के 16 सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए।

PunjabKesari

अभियान की अगुआई सहायक फूड कमिश्नर अमृतपाल सोढ़ी ने की। उनके नेतृत्व में फूड सेफ्टी ऑफिसर दिव्या गोस्वामी, नवदीप सिंह और सुधीर सिंगला की टीमों ने अलग-अलग इलाकों में एक साथ कार्रवाई की। विभाग की टीमें बठिंडा शहर, मौड़ मंडी, तलवंडी साबो और गोनियाना ब्लॉकों में सक्रिय रहीं और डेयरियों, सप्लाई वाहनों तथा दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच करती रहीं। सुबह तड़के शुरू हुई कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने वाहनों में रखे दूध और पनीर की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था और साफ-सफाई का निरीक्षण किया। साथ ही डेयरी उत्पादों से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी जांचे गए। 

विभाग की टीमों ने कई वाहनों को रोककर मौके पर ही प्राथमिक जांच की और सैंपल सील कर लैब भेजे। अधिकारियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में दूध और पनीर जैसे उत्पाद जल्दी खराब होने के साथ-साथ इनमें मिलावट की शिकायतें भी बढ़ जाती हैं। लोगों को शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने और मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने डेयरी संचालकों और सप्लायरों को चेतावनी देते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि लैब रिपोर्ट में कोई सैंपल फेल पाया गया तो संबंधित विक्रेता या सप्लायर के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kamini

Related News