अर्मेनिया से डिपोर्ट गैंगस्टर बुड्डा भारत पहुंचा

punjabkesari.in Saturday, Nov 23, 2019 - 11:58 AM (IST)

चंडीगढ़/जालंधर(रमनजीत/ धवन): गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए पंजाब पुलिस ने वांछित गैंगस्टर सुखप्रीत सिंह धालीवाल उर्फ बुड्डा को अर्मेनिया से भारत डिपोर्ट कराने में सफलता हासिल की है। शुक्रवार रात करीब 11.45 बजे एच.यू. 234 फ्लाइट से बुड्डा दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचा। डी.जी.पी. दिनकर गुप्ता ने कहा कि पंजाब पुलिस की टीम उसे एयरपोर्ट से हिरासत 
में लेकर पंजाब लाएगी। 

दविन्द्र बम्बीहा गिरोह के तथाकथित मुखी बुड्डा के खिलाफ पंजाब व हरियाणा में हत्याओं, हत्याओं के प्रयास, प्रताडऩा, गैर-कानूनी गतिविधियों को लेकर 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं। हाल ही में उसके खालिस्तानी तत्वों के साथ भी सम्पर्क स्थापित हुए थे। 2011 में हुई हत्या के मामले में उसे सजा हुई थी परन्तु 2016 में उसे पैरोल मिल गई थी। बाद में उसे पंजाब और हरियाणा पुलिस ने वांछित अपराधी घोषित कर दिया था। 

बुड्डा पुत्र मेजर सिंह वासी कुस्सा तहसील निहालसिंहवाला, जिला मोगा का रहने वाला है तथा मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनने के बाद गैंगस्टर्स के खिलाफ शुरू किए गए अभियान के बाद वह देश छोड़कर भाग गया था। दुबई में भी पंजाब पुलिस उसे गिरफ्तार करने से चूक गई थी। हाल ही में उसके अर्मेनिया में रहने का पता चला था, जिसके बाद पंजाब पुलिस ने लुकआऊट सर्कुलर (एल.ओ.सी.) तथा रैड कॉर्नर नोटिस (आर.सी.एन.) इंटरपोल से जारी करवाया था। 

डी.जी.पी. दिनकर गुप्ता ने बताया कि अर्मेनिया पुलिस को बुड्डा के देश में होने का पता 8 अगस्त 2019 को लगा था। उसके बाद यूरोप में कई खालिस्तानी समर्थकों ने फेसबुक पर उसकी गिरफ्तारी के बारे में लिखा था और पंजाब में खालिस्तान के पक्ष में जोरदार आवाज उठाने की मांग की थी। वह इससे पहले अपने फेसबुक पर अकाऊंट में डेरा सच्चा सौदा के कार्यकत्र्ता मनिन्द्रपाल बिट्टू को खत्म करने की जिम्मेदारी ली थी। 

बिट्टू की हत्या नाभा जेल के अंदर हुई थी। उसके बाद हरकमलप्रीत सिंह खख (ए.आई.जी. काऊंटर इंटैलीजैंस जालंधर) तथा बिक्रम बराड़ डी.एस.पी. ओ.सी.सी.यू. को अपराधियों को डिपोर्ट पर लाने के लिए तालमेल बिठाने के निर्देश दिए गए। 

पंजाबी गायकों व अभिनेताओं पर हमले के पीछे बुड्डा का हाथ 
डी.जी.पी. ने कहा कि यह गैंगस्टर पंजाब में फिरौती मांगने के धंधे में भी लगा हुआ था और विक्की गौंडर की मौत के बाद से इसे सबसे बड़ा गैंगस्टर माना जाता था। उसने पंजाबी गायक व अभिनेता परमीश वर्मा पर अप्रैल-2018 में हमला किया था। कई अन्य पंजाबी गायकों व अभिनेताओं जिनमें गिप्पी ग्रेवाल भी शामिल है, को भी धमकियां देने में इसी गैंगस्टर का हाथ था। इसी तरह से पंजाबी गायक करण औजला पर बुड्डा के निर्देशों पर कनाडा में हमला किया गया था।

बुड्डा को जुगराज सिंह राजला पुत्र परमिन्द्र सिंह वासी गांव कुस्सा पर 20 मार्च 2011 को की गई हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था तथा ताजपुर चौक रायकोट में कार छीनने के मामले में भी बुड्डा के खिलाफ पी.ओ. की कार्रवाई चल रही थी।  इसी तरह से पुलिस थाना जैतों, फरीदकोट के राइस मिलर रविन्द्र कोछड़ की हत्या व उसे प्रताडि़त करने के मामले में भी बुड्डा का हाथ था। हरियाणा में सिरसा, रायकोट (लुधियाना), सरङ्क्षहद (फतेहगढ़ साहिब) तथा शंभू (पटियाला) में उस पर आम्र्स एक्ट के तहत मुकद्दमे दर्ज हैं। पटियाला में एक मामले को लेकर एन.डी.पी.एस. एक्ट को लेकर उसके खिलाफ मुकद्दमा दर्ज है। 

swetha