शिअद ने भाजपा में की सेंधमारी, देसूजोधा को हरियाणा में किया उम्मीदवार घोषित

punjabkesari.in Wednesday, Oct 02, 2019 - 09:21 AM (IST)

चंडीगढ़(अश्वनी): शिरोमणि अकाली दल ने हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी के गढ़ में सेंधमारी की है। शिअद ने 2014 में कालांवाली विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार राजिंद्र सिंह देसूजोधा को अबकी बार हरियाणा में कालांवाली से ही शिअद का उम्मीदवार घोषित करने का ऐलान किया है। इससे पहले शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल ने देसूजोधा को अधिकारिक तौर पर शिअद में शामिल करने का ऐलान किया।

चंडीगढ़ स्थित शिअद मुख्यालय में सुखबीर बादल ने देसूजोधा का शिअद में स्वागत किया। इस दौरान सुखबीर ने कालांवाली से देसूजोधा की पक्की जीत होने की बात कही। देसूजोधा 3 अक्तूबर को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। शिअद का दामन पकडऩे के बाद देसूजोधा ने कहा कि भाजपा ने शिअद नेता बलकौर सिंह को भाजपा में शामिल करके शिअद के साथ विश्वाघात किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें भी धोखा दिया है, क्योंकि उन्हें दोबारा से भाजपा की टिकट पर उम्मीदवार घोषित करने का वायदा किया गया था। ऐसे में अब उन्होंने शिअद का दामन थामकर भाजपा को उनके विश्वासघात का माकूल जवाब दिया है।

बेहतर नतीजे जल्द आएंगे सामने : भूंदड़
शिअद के वरिष्ठ नेता बलविंद्र सिंह भूंदड़ ने कहा कि हरियाणा में राजनीतिक पार्टियों के साथ गठबंधन पर बातचीत चल रही है। जल्द बेहतर नतीजा सामने आएंगे। उन्होंने किसी भी राजनीतिक पार्टी का नाम नहीं लिया लेकिन कहा कि गठबंधन के साथ शिअद हरियाणा में पहले की तुलना ज्यादा सीटों पर जीत पक्की करेगी। उन्होंने कहा कि अभी सभी सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा का कोई आधार नहीं है, इस पर कोई भी बात गठबंधन पर निर्भर करती है।  इस अवसर पर सिकंदर सिंह मलूका, डा. दलजीत सिंह चीमा, एन.के. शर्मा, चरनजीत सिंह बराड़, कर्नल सी.डी. सिंह कंबोज, तेजिंद्र सिंह मिड्डूखेड़ा, हरियाणा दल के अध्यक्ष शरनजीत सिंह सोथा, बाबा गुरमीत सिंह तिरलोवाले तथा अकाली दल सिरसा के जिला अध्यक्ष लखविंद्र सिंह भी उपस्थित थे।

Vatika