NRI परिवार ने विवाहिता पर किए अत्याचार,  शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता था देवर

punjabkesari.in Thursday, May 13, 2021 - 12:14 PM (IST)

समाना: गांव धनौरी से खन्ना के गांव भट्टियां में विवाहित हरजिन्दर कौर और उसके भाई जसवीर सिंह की हरजिन्दर कौर के ससुराल वालों द्वारा मारपीट की गई। इस दौरान घायल हुए दोनों बहन -भाई को समाना के सिविल अस्पताल में दाख़िल करवाया गया है। सिविल अस्पताल में उपचाराधीन हरजिन्दर कौर के भाई जसवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बहन हरजिन्दर कौर का विवाह डेढ़ साल पहले खन्ना के गांव भट्टियां निवासी एन. आर. आई. वरिन्दर सिंह पुत्र बलबीर सिंह के साथ किया था।

वरिन्दर सिंह के फिलीपींस मनीला में रहने  के कारण उसने अपनी बहन की सगाई पर 10 लाख रुपए और विवाह पर करीब 80 लाख रुपए ख़र्च किए थे। शादी के कुछ समय बाद ही हरजिन्दर कौर का पति वरिन्दर सिंह वापिस फिलीपींस मनीला चला गया था, जिसके बाद हरजिन्दर कौर के ससुराल वाले उसकी बहन को और दहेज लाने के लिए मारपीट करने लगे। जब बात हद से ज़्यादा बढ़ गई तो एक बार गांव की पंचायत को शिकायत करने पर पंचायत ने हरजिन्दर कौर के ससुराल वालों को समझा कर मामला शांत करवा दिया था। इसके बावजूद भी हरजिन्दर कौर के ससुराल वाले उसकी रोजाना पिटाई करने लगे, जिस संबंधित समाना के सदर थाने में भी शिकायत दर्ज करवाने पर उसके ससुराल वाले आने वाले समय में ऐसा न करने का भरोसा देकर आपसी समझौता कर गए थे। जसवीर सिंह ने बताया कि उसकी बहन हरजिन्दर कौर के पति वरिन्दर सिंह का भाई सुरिन्दर सिंह भी फिलीपींस मनीला में ही रहता है।

जनवरी, 2021 में सुरिन्दर सिंह वापिस भारत आ गया था। इस दौरान वह उसकी बहन हरजिन्दर कौर पर बुरी नज़र रखने लगा और उसे अपने साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था और कई बार ज़बरदस्ती करने की कोशिश भी की। इस काम में हरजिन्दर कौर के ससुराल वाले भी उसका साथ देते रहे। हरजिन्दर कौर ने अपने देवर की हरकत संबंधित अपने मायके वालों को भी बताया, जिसे लेकर हरजिन्दर कौर के ससुराल वाले उसे और ज़्यादा परेशान करके मारपीट करने लगे। इस घटना का पता लगने पर वह मंगलवार को अपनी बहन हरजिन्दर कौर के ससुराल भट्टियां गया था, जैसे ही वह गांव भट्टियां पहुंच कर हरजिन्दर कौर की सास, ससुराल और देवर के साथ बातचीत करने लगा तो उन्होंने उसके साथ और उसकी बहन के साथ मारपीट करके कपड़े फाड़ दिए और बुरी तरह ज़ख्मी कर दिया। इस संबंधित सदर थाना इंचार्ज अंकुरदीप सिंह के साथ संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस संबंधित शिकायत दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Recommended News

Related News