गैंगस्टरों व तस्करों के खिलाफ DGP भावरा की सख्ती, अधिकारियों को दिए यह आदेश

punjabkesari.in Friday, Jun 17, 2022 - 10:29 AM (IST)

जालंधर (धवन): पंजाब के डी.जी.पी. वी.के. भावरा ने आज राज्य पुलिस के अधिकारियों को गैंगस्टरों तथा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश देते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाए जाएं।

वह आज तरनतारन में फिरोजपुर रेंज के पुलिस अधिकारियों की बैठक में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में फिरोजपुर रेंज के डी.आई.जी., तरनतारन, फिरोजपुर तथा फाजिल्का के एस.एस.पी. के अलावा 3 जिलों के अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी भाग लिया। डी.जी.पी. ने बैठक में क्षेत्र में अपराधों की स्थिति की समीक्षा की और पुलिस अधिकारियों को आदेश दिए कि एन.डी.पी.एस. के अघोषित अपराधियों को तुरन्त गिरफ्तार किया जाए जोकि इसमें संलिप्त रहे हैं।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र के तस्करों तथा गैंगस्टरों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। डी.जी.पी. भावरा ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि जांच के अधीन विभिन्न केसों की जांच समय पर पूरी की जाए और साथ ही जिला पुलिस में इंटैलीजैंस एकत्रित करने की प्रणाली को मजबूती दी जाए।

उन्होंने कहा कि जमानत तथा पैरोल पर बाहर आए अपराधियों पर पुलिस को नजर रखनी है। डी.जी.पी. भावरा ने गजेटिड पुलिस अफसरों से कहा कि वे पुलिस की कार्यप्रणाली में बदलाव लाने के लिए अपने सर्वश्रेष्ठ प्रयास करें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से कहा कि वे पेशेवर पुलिस प्रणाली को अपनाएं तथा उनके अधीन आते पुलिस थानों की पर्याप्त सुपरविजन की जानी चाहिए।

डी.जी.पी. भावरा ने इससे पहले अमृतसर तथा जालन्धर में भी रेंजों की पुलिस अधिकारियों के साथ बैठकें करके कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया था। आज उन्होंने फिरोजपुर रेंज के अधिकारियों से बैठक की। डी.जी.पी. द्वारा ऐसी बैठकें आगे भी अन्य रेंजों में की जाएंगी। 

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

पंजाब की खबरें Instagram पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here

अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

News Editor

Kalash