IPS अधिकारियों पर हुए सर्वे में DGP दिनकर गुप्ता सबसे ‘योग्य’

punjabkesari.in Wednesday, Apr 08, 2020 - 09:43 AM (IST)

चंडीगढ़(रमनजीत): भारतीय पुलिस सेवा को देश की कानून-व्यवस्था की रीढ़ कहना अतिश्योक्ति नहीं होगी, क्योंकि ‘खाकी’ की मौजूदगी से ही भय और अपराधमुक्त समाज का अहसास होता है। यही वो माहौल है जिसमें न सिर्फ कोई निजी तौर पर बल्कि संगठनात्मक तौर पर भी विकास के बारे में सोच सकता है। इसी महत्वपूर्ण भारतीय पुलिस सेवा के योगदान को उजागर करने के मकसद से हाल ही में देश की प्रसिद्ध पत्रिका फेम इंडिया, एशिया पोस्ट और पी.एस.यू. द्वारा किए गए राष्ट्रव्यापी सर्वे के दौरान देश के 25 ऐसे आई.पी.एस. अधिकारियों को चुना गया है, जिन्होंने अपनी परफार्मैंस से नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं और पुलिस सेवा को नई ऊंचाई तक पहुंचाया है।

इस सर्वे में पंजाब के डी.जी.पी. दिनकर गुप्ता को ‘योग्य’, चंडीगढ़ के डी.जी.पी. संजय बैनीवाल को ‘कर्मठ’ व जम्मू-कश्मीर के डी.जी.पी. दिलबाग सिंह को ‘दूरदर्शी’ कैटेगरी में शीर्ष पर रखा गया है। पत्रिका के मुताबिक करीब 4 हजार अधिकारियों पर किए गए इस सर्वे में 1995 बैच से पहले के अधिकारियों को ही शामिल किया गया था और प्राथमिक तौर पर निर्धारित मापदंडों के आधार पर 200 अधिकारियों की सूची तैयार की गई, जिसे बाद में 25 विभिन्न कैटेगरीज में बांटा गया और उक्त कैटेगरी के शीर्ष अधिकारियों को चयनित किया गया। सर्वे के दौरान कई तरह के मापदंड निर्धारित करते  हुए पुलिस सेवाओं के लिए उठाए गए कदम, अपराध रोकने में सक्षमता, पावर का सदुपयोग, विजन, लोगों से राबता, साथी पुलिस अधिकारियों का मार्गदर्शन और उनके साथ व्यवहार जैसे कई प्वाइंट्स पर फीडबैक हासिल किया गया। अधिकारियों की गुप्त रिपोर्ट्स, मीडिया में छपी खबरों और संबंधित अधिकारी के कार्यकाल की शुरूआत से अब तक के रिकॉर्ड की छानबीन भी की गई और उसी के आधार पर अधिकारियों के नामों का चयन किया गया।

विभिन्न कैटेगरी में शीर्ष पर चुने गए 25 आई.पी.एस. अधिकारी
हाल ही में प्रकाशित सर्वे रिपोर्ट में पंजाब के डी.जी.पी. दिनकर गुप्ता समेत 25 आई.पी.एस. अधिकारियों आई.बी. चीफ अरविंद कुमार, रॉ चीफ सामंत कुमार गोयल, आई.टी.बी.पी. डी.जी. एस.एस. देसवाल, सी.आर.पी.एफ. डी.जी. ए.पी. महेश्वरी, एन.एस.जी. डी.जी. अनूप कुमार सिंह, दिल्ली पुलिस कमिश्नर एस.एन. सिन्हा, डी.जी.पी. बिहार गुप्तेश्वर पांडेय, डी.जी.पी. तेलंगाना एम. महेंद्र रैड्डी, डी.जी.पी. जम्मू-कश्मीर दिलबाग सिंह, डी.जी.पी. केरल आर. श्रीलेखा, मुंबई पुलिस कमिश्नर परमवीर सिंह, उत्तर प्रदेश के डी.जी. (जेल्स) आनंद कुमार, राजस्थान के ए.डी.जी.पी. क्राइम भगवान लाल सोनी, डी.जी.पी. चंडीगढ़ संजय बैनीवाल, उत्तराखंड के डी.जी. (कानून-व्यवस्था) अशोक कुमार, पुलिस कमिश्नर गुरुग्राम मोहम्मद अकील, ए.डी.जी.पी. झारखंड अनिल पलटा, पुलिस कमिश्नर कोलकाता अनुज शर्मा, मध्य प्रदेश के ए.डी.जी.पी. (आर.ए.पी.टी.सी.) वरुण कपूर, ए.डी.जी.पी. आगरा अजय आनंद, छत्तीसगढ़ के होम सैक्रेटरी अरुण देव गौतम, मध्य प्रदेश के ए.डी.जी.पी. मनीष शंकर शर्मा व महाराष्ट्र के ए.डी.जी. (ट्रेनिंग) संजय सक्सेना को विभिन्न कैटेगरी में शीर्ष पर चुना गया है। 

Vatika