सोशल मीडिया पर Gun Culture वाली तस्वीरें हटाने की मोहल्लत खत्म, आज से FIR दर्ज होंगी

punjabkesari.in Tuesday, Nov 29, 2022 - 09:27 AM (IST)

जालंधर (धवन): पंजाब में सोशल मीडिया पर गन कल्चर वाली तस्वीरें हटाने की पंजाब पुलिस द्वारा लोगों को दी गई मोहल्लत आज समाप्त हो गई है। इसलिए पंजाब पुलिस द्वारा मंगलवार से तस्वीरें न हटाने वालों के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज की जाएंगी।

पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव ने शनिवार को ट्वीट करलोगों को कहा था कि वे सोशल मीडिया से अपनी सभी पुरानी तस्वीरों को हटा लें जिनसे गन कल्चर को प्रोत्साहन मिलता है। डी.जी.पी. ने यह कदम मुख्यमंत्री भगवंत मान की सलाह पर उठाया था।   डी.जी.पी. ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वाली सभी चीजों को सोशल मीडिया साइट से हटाने के लिए कहा है और इसके लिए पंजाब पुलिस ने प्रयास तेज कर दिए हैं। 

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा दी गई 3 दिनों की मोहल्लत अब समाप्त हो गई है। इसलिए पंजाब के सभी जिलों में आज से हथियारों वाली तस्वीरों को सोशल मीडिया से न हटाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डी.जी.पी. गौरव यादव ने दोहराया कि पंजाब में अमन के साथ किसी को भी खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं होगी। सोशल मीडिया पर  भड़काऊ बयान का वीडियो भी अपलोड न करें।

Content Writer

Vatika