DGP ने PCR कर्मचारियों को भिजवाई ये खास Jackets, पुलिस कमिश्नरों को भी दिए ये निर्देश

punjabkesari.in Saturday, Jan 14, 2023 - 10:04 AM (IST)

जालंधर(धवन): पंजाब के डी.जी.पी. गौरव यादव ने भारी ठंड व धुंध के मौसम को ध्यान में रखते हुए पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी को सरल बनाने के उद्देश्य से उन्हें गर्म व रेनप्रूफ जैकेटें उपलब्ध करवानी शुरू की हैं।

डी.जी.पी. यादव ने यह कदम पुलिस जवानों की बेहतरी के लिए उठाया है। अभी पहले चरण में पी.सी.आर. पुलिस कर्मचारियों को जैकेटें उपलब्ध करवाई गई हैं क्योंकि पी.सी.आर. कर्मचारियों को सारा दिन व रातभर मोटरसाइकिलों पर गश्त करनी होती है। पहले चरण में लुधियाना, जालंधर तथा अमृतसर में पुलिस जवानों का मनोबल ऊंचा करने के उद्देश्य से उन्हें गर्म व रेनप्रूफ जैकेटें उपलब्ध करवाई जा रही हैं। डी.जी.पी. ने कहा कि इससे पुलिस कर्मचारी देर रात तक अपनी ड्यूटी बिना किसी विघ्न के निभा सकेंगे। उन्होंने भिजवाई गई जैकेटें आगे पी.सी.आर. कर्मचारियों को वितरित करने के लिए पुलिस कमिश्नरों को निर्देश दिए। 

उन्होंने कहा कि पुलिस के कल्याण के लिए आने वाले दिनों में कुछ और ऐसे ही महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे ताकि पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली में सुधार आए और वे अधिक उत्साह से अपनी ड्यूटी दें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य को गैंगस्टरों व नशा तस्करों से मुक्त बनाने के जो निर्देश दिए हैं उसे देखते हुए ही ये कदम उठाए जा रहे हैं।

Content Writer

Vatika