PSSSB पेपर लीक मामले की जांच में देरी और फरीदकोट फार्मेसी भर्ती घोटाले पर सरकार की चुप्पी शर्मनाक: ढिल्लों
punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 04:54 PM (IST)
पंजाब डेस्क : भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निकम्मेपन, भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार के तथाकथित "बदलाव" के दावों की खोखली सच्चाई को उजागर करता है। प्रदेश अध्यक्ष ने पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (PSSSB) की ग्रुप-बी भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले तथा फरीदकोट में फार्मेसी अधिकारियों की भर्ती के दौरान सामने आए हाई-टेक नकल कांड को लेकर 'आप' सरकार की कार्यप्रणाली और चुप्पी पर गंभीर सवाल उठाए।
ढिल्लों ने कहा कि पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (PSSSB) द्वारा विभिन्न सरकारी विभागों में ग्रुप-बी अधिकारियों की भर्ती परीक्षा का पेपर लीक हुआ, लेकिन 6 महीने बीत जाने के बाद भी जांच किसी निष्कर्ष तक नहीं पहुंची। यह सरकार के भ्रष्टाचार और बड़ी प्रशासनिक विफलता का प्रमाण है। सरकार ने लगभग एक लाख युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है और अब पूरी तरह मौन साध रखा है।
ढिल्लों ने फरीदकोट के फार्मेसी भर्ती नकल कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों में पेन कैमरा और ब्लूटूथ उपकरणों के जरिए 3.5 लाख से 13 लाख रुपये तक वसूल कर सरकारी नौकरियां नीलाम की जा रही हैं। परीक्षा केंद्रों में जैमर तक उपलब्ध न होना सरकारी व्यवस्थाओं की पोल खोलता है। उन्होंने सवाल किया कि हर बात पर "कट्टर ईमानदारी" का दावा करने वाले अरविंद केजरीवाल और पंजाब सरकार ऐसे संवेदनशील मुद्दों पर चुप क्यों हैं। उन्होंने मांग की कि पंजाब के स्वास्थ्य एवं शिक्षा मंत्री से तुरंत इस्तीफा लिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की बेईमानी अब जनता के सामने आ चुकी है और पंजाब के लोग युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाली इस सरकार को सबक सिखाने के लिए तैयार हैं।
ढिल्लों ने कहा कि दूसरी ओर, नीट मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीबीआई जांच करवाई, 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों की व्यवस्था की गई तथा ऐसे मामलों में सख्त सजा सुनिश्चित करने के लिए संसद में विधेयक भी लाया जा रहा है। केंद्र की भाजपा सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए हर आवश्यक कदम उठा रही है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

