DGP दिनकर गुप्ता ने Twitter हैंडल से डिलीट किया सिद्धू मूसेवाला का विवादित गाना

punjabkesari.in Thursday, Apr 02, 2020 - 01:57 PM (IST)

नवांशहरः पंजाब सरकार के लिए सिरदर्दी बनता जा रहा पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का विवादित गाना 'गुरबख्श गवाचा' आख़िरकार अब पंजाब के डी. जी. पी. दिनकर गुप्ता ने अपने ट्विटर हैंडल से हटा ही दिया। दरअसल, गांव पठलावा के निवासियों द्वारा गत दिवस मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह को चिट्ठी लिख कर डी.जी.पी. द्वारा शेयर किए गए सिद्धू मूसेवाला का विवादित गाना हटाने की मांग की गई थी। सिद्धू मूसेवाला का यह गीत कोरोना वायरस के बारे था, जिसमें उसने गांव पठलावा के मृतक बलदेव सिंह की तस्वीरें अपलोड कर अपने यू -ट्यूब पेज पर डाला हुआ था। 


पंजाब में पहली मौत हुई थी बलदेव सिंह की 
उल्लेखनीय है कि 18 मार्च को पंजाब में कोरोना वायरस से पहली मौत गांव पठलावा के बलदेव सिंह की  हुई थी। बलदेव सिंह 7 मार्च को अपने 2 अन्य साथियों सहित इटली से आया था। बलदेव सिंह की मौत को सिद्धू मूसेवाला ने अपने गीत के द्वारा कुछ इस तरह प्रचार किया था जैसे बलदेव सिंह ही कोरोना वायरस फैलाने के लिए ज़िम्मेदार हो। इस गाने को पंजाब के डी. जी. पी. दिनकर गुप्ता ने अपने ट्विटर हैंडल पर 26 मार्च की रात को पोस्ट किया था। यही गाना पंजाब पुलिस के अधिकारत ट्विटर हैंडल पर डाला गया था। पंजाब सरकार की इस गाने के कारण पिछले 6 दिनों से बदनामी हो रही थी।गांव पठलावा के सरपंच और लोगों की तरफ से किए गए तीखे विरोध और सोशल मीडिया पर हो रही चर्चा ने पंजाब सरकार की परेशानी बढ़ा दी थी।



अब डी. जी. पी. और पंजाब पुलिस के ट्विटर हैंडल से यह गाना हटा दिया गया है। बलदेव सिंह की मौत 18 मार्च को हुई थी और उसकी मौत के 8 दिनों के अंदर ही जितनी तेज़ी से यह गीत तैयार हुआ था उतनी ही तेज़ी से यह वायरल हुआ था। इस विवादित गाने के बारे प्रवासी पंजाबियों ने बहुत तीखी प्रतिक्रिया दी थी कि पंजाब पुलिस ने एक साजिश के तहत उन्हें बदनाम करने के लिए इस गाने का प्रचार किया। इस गाने के शुरू और आखिर में पंजाब पुलिस का लॉगो दिखाया गया था और उनका विशेष धन्यवाद किया गया था। कई नेताओं ने इस गाने को लेकर श्री अकाल तख़्त साहिब के जत्थेदार से अपील की थीं कि सिद्धू मूसेवाला को तलब किया जाए, जिसने एक अमृतधारी गुरसिख को पंजाब पुलिस के इशारें पर बदनाम करने की भद्दी साजिश रची है। गत दिवस गांव पठलावा के लोगों ने मुख्यमंत्री को 3 पन्नों का पत्र लिख कर मांग की थी कि उनके गांव की हो रही बदनामी को रोका जाए। उन्होंने यह मांग भी की थी कि सिद्धू मूसेवाला पर केस दर्ज किया जाए और इस गाने को यू -ट्यूब से भी हटवाया जाए। 

Vatika