डिस्को के गेट पर लगे थे ताले, अंदर डांस पर टकरा रहे थे जाम(देखें तस्वीरें)

punjabkesari.in Monday, Aug 13, 2018 - 11:54 AM (IST)

मोहाली (कुलदीप): मोहाली-जीरकपुर में शनिवार देर रात 2 डांस क्लबों में पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर डांस पार्टियां चल रही थीं। दोनों के गेटों पर तो ताले लगे थे लेकिन अंदर डांस हो रहा था और जाम टकरा रहे थे। 150 से ज्यादा कपल्स नशे में चूर मिले। पुलिस ने दोनों क्लब संचालकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शनिवार आधी रात को फेज-11 में वाकिंग स्ट्रीट डिस्को के गेट पर तो ताला लगा था लेकिन अंदर 100 से ज्यादा युवक-युवतियां शराब के नशे में तेज म्यूजिक पर डांस कर रहे थे। जैसे ही पुलिस वहां पहुंची तो डिस्को संचालक युवक-युवतियों को अंदर ही बंद कर फरार हो गए। इन्हें ताला तोड़कर पुलिस ने बाहर निकाला। क्लब के अंदर चंडीगढ़ मार्का की महंगी शराब व बीयर की बोतलें बरामद हुईं। 


डी.एस.पी. ने एस.एच.ओ. को लगाई फटकार
देर रात साढ़े 12 बजे डांस पार्टी की सूचना मिली तो डी.एस.पी. सिटी-2 मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस स्टेशन फेज-11 के एस.एच.ओ. गुरप्रीत सिंह बैंस को भी बुलाया और पार्टी बंद करवाई। रात को जब डी.एस.पी. रमनदीप सिंह ने एस.एच.ओ. फेज-11 को फोन पर क्लब में देर रात तक पार्टी चलने के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि क्लब को ताला लगवा दिया गया है। इस पर डी.एस.पी. ने उन्हें फटकार लगाते हुए कहा कि वे क्लब के बाहर ही खड़े हैं और अंदर पार्टी चल रही है। इसके बाद उन्हें मौके पर बुलाया गया।

लाइसैंस कैंसिल करने को लिखेंगे पत्र : डी.एस.पी.
इस डिस्को के देर रात तक चलने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम पर भी दी गई थी लेकिन पी.सी.आर. पार्टी इसे बंद नहीं करवा सकी। इसके संचालकों ने पी.सी.आर. पार्टी को गुमराह कर भेज दिया। वहीं, डी.एस.पी. रमनदीप सिंह ने कहा कि इस क्लब का लाइसैंस कैंसिल करने के लिए डिप्टी कमिश्नर को पत्र लिखा जाएगा। उन्होंने बताया कि वाकिंग स्ट्रीट के मालिक साजन महाजन और अक्षय कुमार निवासी सैक्टर-70 के खिलाफ पुलिस स्टेशन फेज-11 में 22 जुलाई को भी आई.पी.सी. की धारा 188 के तहत केस दर्ज किया गया था। उस रात भी यहां देर रात तक डांस पार्टी चल रही थी।

Vatika