मानसून में बीमारियों का खतरा बढ़ा! डेंगू, मलेरिया और सांपों के खतरे पर एडवाइजरी जारी
punjabkesari.in Wednesday, Sep 02, 2026 - 01:10 PM (IST)
चंडीगढ़ (शीना): मानसून के मौसम में पानी और मच्छरों से होने वाली बीमारियों के खतरे को देखते हुए चंडीगढ़ नगर निगम ने लोगों के लिए हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों और आस-पास साफ-सफाई रखें और पानी जमा न होने दें। मानसून के दौरान डेंगू, मलेरिया और पानी से होने वाली दूसरी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। नगर निगम ने ने कहा कि नालियों और ड्रेनेज चैनलों की रेगुलर सफाई होनी चाहिए और कचरा सिर्फ तय जगहों पर ही फेंकना चाहिए। कूलर, गमले, टायर, डिब्बे और पानी जमा होने वाली दूसरी जगहों को रेगुलर खाली करने और उन्हें साफ रखने की सलाह दी गई है।
पीने के पानी के संबंध में लोगों को साफ और ढके हुए बर्तनों में पानी रखने और जरूर पड़ने पर उबालकर या क्लोरीन की गोलियां इस्तेमाल कर पानी पीने के लिए कहा गया है। फलों और सब्जियों को अच्छी तरह धो कर खाने और बासा या खुला भोजन खाने से बचने की भी अपील की गई है। मच्छरों से बचाव के लिए कूलर, गमले, पानी की टंकियों और दूसरी जगहों पर पानी जमा न होने दें। बाहर जाते समय मच्छर भगाने वाली क्रीम लगाने और पूरी बाजू के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। मौजूदा मॉनसून के हालात में जमा पानी मच्छरों के पनपने के लिए अच्छा माहौल बनाता है।
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे सांपों से सावधान रहें, घास या झाड़ी वाली जगहों पर नंगे पैर न जाएं और घर के आसपास कचरा या लकड़ी जमा न होने दें। सांप के काटने पर तुरंत पास के हॉस्पिटल पहुंचने की सलाह दी गई है। नगर निगम ने कहा कि लोगों की मिली-जुली जिम्मेदारी और साफ-सफाई के बारे में जागरूकता से मॉनसून के दौरान डेंगू, मलेरिया और पानी से होने वाली बीमारियों का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है।
अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

