गुरुद्वारा साहिब के लंगर हॉल में चली तलवारें, फैली सनसनी

punjabkesari.in Thursday, Jul 18, 2024 - 10:38 AM (IST)

श्री आनंदपुर साहिब : तख्त श्री केसगढ़ साहिब के लंगर हॉल में लंगर वरता रहे शिरोमणि कमेटी के कर्मचारियों पर कल निहंग बाणे में आए 5 व्यक्तियों ने हमला कर दिया, जिसमें 3 कर्मचारी घायल हो गए। उन्हें स्थानीय भाई जैताजी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं इस घटना से सनसनी फैल गई। 

तख्त श्री केसगढ़ साहिब के मैनेजर मलकीत सिंह ने बताया कि कल देर शाम कम-से-कम 5 व्यक्ति जो निहंग बाणा पहने हुए थे, लंगर हॉल में आए और सेवादारों के साथ बहस करने लगे। जब सेवादारों ने उन्हें बहस करने से रोका और कहा कि तख्त साहिब एक धार्मिक स्थान है और श्रद्धालु लंगर छक रहे हैं इसलिए शांति से बात करें। उन्होंने बताया कि सेवादारों के साथ बहस करने के बाद उक्त व्यक्तियों ने लंगर में सेवा कर रहे कर्मचारियों पर खंडा व कृपाण से हमला कर दिया।

इस हमले में शिरोमणि कमेटी के 3 कर्मचारी मक्खन सिंह, रतन सिंह और भगवंत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सेवादारों ने तुरंत तीनों घायल कर्मचारियों को स्थानीय भाई जैताजी सिविल अस्पताल पहुंचाया। मैनेजर मलकीत सिंह ने बताया कि इस घटना की सारी जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है।

क्या कहना है चौकी प्रभारी का

इस संबंध में चौकी प्रभारी सब-इंस्पैक्टर गुरमुख सिंह ने बताया कि इस हमले के कथित आरोपी दिलीप सिंह पुत्र जसवीर सिंह निवासी अमृतसर, अमनदीप सिंह पुत्र सुरिंदर सिंह निवासी गुरदासपुर और हरमनदीप सिंह पुत्र मनजीत सिंह निवासी पिपली साहिब नजदीक को गिरफ्तार कर लिया गया है और बाकी 2 हमलावरों की तलाश की जा रही है।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here

 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News