भट्ठल के बाद अब बरनाला की कोठी पर विवाद

punjabkesari.in Wednesday, Jun 13, 2018 - 11:38 AM (IST)

चंडीगढ़ (शर्मा): उत्तर प्रदेश के मामले में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्यमंत्रियों के सरकारी आवासों पर कब्जे को अवैध करार दिए जाने के फैसले के बाद पंजाब में भी सरकारी बंगलों से पूर्व मुख्यमंत्रियों के कब्जे छुड़वाने की मुहिम तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री राजेंद्र कौर भट्ठल के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री स्व. सुरजीत सिंह बरनाला को आबंटित बंगला, जिस पर उनके परिवार का कब्जा है, को खाली करवाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है।


वकील एच.सी. अरोड़ा ने बरनाला परिवार से उक्त बंगले का कब्जा छुड़वाने की मांग को लेकर पंजाब सरकार के प्रधान मुख्य सचिव सुरेश कुमार और मुख्य सचिव करण अवतार सिंह को डिमांड नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि बरनाला परिवार का उक्त बंगले पर कब्जा सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन है। हालांकि चंडीगढ़ प्रशासन ने मुख्यमंत्री कोटे से आबंटित बंगले को खाली करवाने के लिए लिखा था, लेकिन पंजाब सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने टिप्पणी में कहा कि बेशक सुप्रीम कोर्ट का आदेश ‘लॉ ऑफ लैंड’ है, लेकिन मामले पर कानूनी सलाह लेना जरूरी है। नोटिस में कहा गया कि प्रधान मुख्य सचिव व मुख्य सचिव की ओर से सामान्य प्रशासन विभाग की टिप्पणी पर आदेश जारी न करना सुप्रीम कोर्ट की अवमानना होगी। 

Sonia Goswami