मानसून की दस्तक से पहले प्रशासन अलर्ट: बरनाला में जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित, 24 घंटे रहेगा चालू

punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 05:49 PM (IST)

बरनाला (विवेक सिंधवानी, रवि): आगामी मानसूनी सीजन और भारी बारिश के मद्देनजर बरनाला जिला प्रशासन ने किसी भी संभावित आपातकालीन स्थिति या बाढ़ जैसे हालातों से निपटने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त हरप्रीत सिंह के विशेष दिशा-निर्देशों के तहत, आम जनता की सुरक्षा और समय पर प्रशासनिक सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना कर दी गई है।

इस महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रबंध की जानकारी सांझा करते हुए उपायुक्त हरप्रीत सिंह ने बताया कि यह विशेष नियंत्रण कक्ष स्थानीय रैड क्रॉस भवन, बरनाला में बनाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बारिश के मौसम में आपदा प्रबंधन को मजबूत रखने के लिए यह कंट्रोल रूम 24 घंटे लगातार कार्यशील रहेगा। किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटने के लिए यहां विभिन्न शिफ्टों में कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटियां तैनात की जा रही हैं, ताकि सूचना मिलते ही तुरंत रिस्पांस टीम को मौके पर रवाना किया जा सके।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि मानसूनी बारिश के कारण पैदा होने वाली किसी भी आपातकालीन स्थिति, जलभराव या अन्य किसी समस्या की तुरंत सूचना देने अथवा सहायता प्राप्त करने के लिए प्रशासन द्वारा एक समर्पित टैलीफोन नंबर जारी किया गया है। जिला निवासी किसी भी समय या आपदा की स्थिति में फ्लड कंट्रोल रूम के आधिकारिक नंबर 01679-233031 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, इस कंट्रोल रूम का सीधा जुड़ाव जिले के अन्य राहत विभागों जैसे ड्रेनेज विभाग, नगर कौंसिल, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस प्रशासन से रहेगा। उपायुक्त ने जिले के सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निचले और संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर रखें, जहां जलभराव की समस्या अधिक आती है। प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे घबराएं नहीं बल्कि किसी भी जलभराव या आपात स्थिति में इस हैल्पलाइन नंबर का उपयोग कर जिम्मेदार नागरिक की तरह प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कदम उठाए जा सकें।

अपने शहर की खबरें Whatsapp पर पढ़ने के लिए Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Kalash

Related News