दो सरपंचों की आपसी रंजिश की भेंट चढ़ा सर्वजीत, रॉडों से किया हमला, मौत

punjabkesari.in Friday, Jun 01, 2018 - 06:38 PM (IST)

फाजिल्का(नागपाल): फाजिल्का जिले के गांव घुरका के सरपंच दर्शन सिंह के विद्यार्थी पुत्र सर्वजीत सिंह का कथित रूप से गांव के पूर्व सरपंच व उसके सहयोगियों द्वारा कत्ल कर दिए जाने पर थाना सदर फाजिल्का ने 3 भाइयों, एक की पत्नी व पूर्व सरपंच सहित 8 व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। 

पेपर देकर आ रहा था गांव वापस 
जानकारी के अनुसार दर्शन सिंह ने बताया कि उसका 19 वर्षीय लड़का सर्वजीत सिंह फाजिल्का-फिरोजपुर मार्ग पर स्थित नगर गुरहरसहाय के निकट गांव मोहन के हिठाड़ में शहीद ऊधम सिंह कालेज में गत दिवस दोपहर 2.30 बजे पेपर देकर अपने मोटरसाइकिल पर गांव वापस आ रहा था। वह उस समय फाजिल्का में था और उसे फोन पर सूचना मिली कि रास्ते में कुछ लोग उसके बेटे के साथ झगड़ा कर रहे हैं। इस पर वह अपने साथी कमलजीत, जो उसके साथ था, के साथ गांव वाले रास्ते में ढाणी मोहना राम के निकट पहुंचे तो देखा कि जसबीर सिंह, जगतार सिंह तथा मुखत्यार सिंह तीनों भाई, मुख्तयार सिंह की पत्नी बलजिन्द्र कौर, कुलवंत सिंह, प्यारा सिंह, गांव का पूर्व सरपंच नरिन्द्र सिंह तथा उसका लड़का संदीप सिंह सभी निवासी गांव घुरका, जोकि मोटरसाइकिलों पर सवार होकर वहां पहुंचे हुए थे और कह रहे थे कि इसको लड़की छेडऩे का मजा चखा देते हैं। वे उसको लोहे की रॉडों व बुरी तरह से मारपीट कर रहे थे। 

सर्वजीत ने अस्पताल में तोड़ा दम
दर्शन सिंह ने बताया कि उनके शोर डालने पर वे वहां से भाग गए। इसके बाद वे सर्वजीत सिंह को स्थानीय सिविल अस्पताल में उपचार के लिए लेकर आए, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अस्पताल के डाक्टरों ने उसे मैडीकल कालेज फरीदकोट के लिए रैफर कर दिया परन्तु वे उसे श्रीगंगानगर के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां आज प्रात: उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने महिला सहित 8 व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। मृतक का आज बाद दोपहर स्थानीय सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। बताया जाता है कि दर्शन सिंह व नरिन्द्र सिंह में चुनावों के बाद रंजिश भी बताई जा रही है। इन दोनों सरपंचों की रंजिश की भेंट सर्वजीत को चढऩा पड़ा। 

आरोपियों के विरुद्ध की जाएगी कार्रवाई 
घटना में मृतक युवक के परिवार से मिलने पहुंचे फाजिल्का के विधायक दविन्द्र सिंह घुबाया ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को पूरा इंसाफ दिलाया जाएगा और आरोपियों के विरुद्ध बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आरोपियों के विरुद्ध बनती कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। 


 

Vaneet