सरदूलगढ़ दोहरे हत्याकांड में बड़ा खुलासा, पड़ोसी ही निकला हत्यारा

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 03:13 PM (IST)

मानसा: मानसा पुलिस ने 27 फरवरी को थाना सरदूलगढ़ क्षेत्र के शैलर रोड पर स्थित एक फार्म हाउस में 2  व्यक्तियों के अंधे कत्ल के मामले को ट्रेस करते हुए एक 1 व्यक्ति को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। 

इस संबंध में जानकारी देते हुए एसपी (जांच) मनमोहन सिंह औलख ने बताया कि 27 फरवरी 2026 को थाना सरदूलगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि सरदूलगढ़ के शैलर रोड स्थित एक फार्म हाउस में जसवीर सिंह उर्फ काका पुत्र रमेश कुमार निवासी सरदूलगढ़ और उसके माली बलदेव सिंह पुत्र तेजा सिंह निवासी मीरपुर खुर्द की हत्या कर दी गई है। मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए अशोक कुमार के बयान पर केस दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने वैज्ञानिक तरीके से जांच करते हुए इस केस में गुरप्रीत सिंह (35) उर्फ न्यूल्ला पुत्र घोना सिंह निवासी सरदूलगढ़ को नामजद कर 4 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गुरप्रीत सिंह का पिता घोना सिंह अक्सर अपने पड़ोसी मृतक जसवीर कुमार उर्फ काका के पास जाया करता था। कुछ समय बाद किसी कारणवश गुरप्रीत सिंह के पिता की मौत हो गई। इसके बाद गुरप्रीत सिंह को शक हो गया कि मृतक जसवीर कुमार ने उसके पिता को चाय में कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाया था, जिससे वह बीमार होकर मर गया। इतना ही नहीं, गुरप्रीत सिंह को यह भी शक था कि किसी ने जहर देने के कारण उसके पालतू कुत्ते की भी मौत हो गई थी, और इसके लिए भी वह जसवीर कुमार को ही जिम्मेदार मानता था। इसी शक के चलते उसे मौका मिलते ही जसवीर कुमार और बलदेव सिंह की हत्या कर दी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर दिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vatika

Related News