ड्राइवर ने घर में घुस नाबालिगा से किया दुष्कर्म, पीड़िता ने दादी को बताई दास्तां

punjabkesari.in Friday, Dec 28, 2018 - 10:33 PM (IST)

लुधियाना(तरुण): काराबारा के निकट एक ड्राइवर ने घर में घुसकर 15 साल की एक लड़की को अपनी हवस का शिकार बना डाला। वारदात के बाद आरोपी मुंह बंद रखने के लिए लड़की पर दबाव बनाता रहा। आरोपी लड़की के पिता को जान से मारने की धमकियां देता रहा। पीड़िता ने सारी दास्तां अपनी छोटी बहन और दादी को बताई, जिसके बाद आरोपी की करतूत जग जाहिर हुई। पीड़ित पक्ष ने थाना दरेसी की पुलिस को सूचना दी।

पीड़िता के पिता ने बताया कि कई साल पहले वह ड्राइवर था और आरोपी गुरप्रीत सिंह उसका हैल्पर था। 4 साल पहले उसने ड्राइवर का काम छोड़ दिया, जबकि गुरप्रीत छोटा हाथी चलाने लगा। आरोपी का उसके घर पर आना-जाना था। उसे जरा-सा भी अंदाजा नहीं था कि आरोपी की उसकी बेटी पर बुरी नजर है। उसकी 5 बेटियां हैं। उसकी पत्नी की 4 साल पहले बीमारी के चलते मौत हो चुकी है। वह अपनी मां के साथ मिलकर बेटियों का पालन-पोषण कर रहा है। बुधवार सुबह वह अपनी मां के साथ बाजार गया हुआ था। घर में उसकी बेटी मनप्रीत कौर (काल्पनिक नाम) अकेली थी। आरोपी गुरप्रीत घर के भीतर दाखिल हुआ और ऊपरी मंजिल पर बेटी के कमरे में चला गया जहां उसने कमरे में घुसते ही दरवाजा बंद कर लिया और धमकाते हुए दुष्कर्म कर डाला।

थाना प्रभारी रजवंत सिंह ने बताया कि आरोपी गुरप्रीत का पीड़ित लड़की के घर पर आना-जाना था। आरोपी ने मौका पाकर नाबालिगा के साथ दुष्कर्म किया है। लड़की का सिविल अस्पताल में मैडीकल करवाया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धमकाने व पोक्सो एक्ट के अधीन मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।

Vaneet